उत्तर बंगाल की खबरों पर एक नजर…

तृणमूल नेता की पहल पर फासीवाद विरोधी गण मंच आयोजित सभा संपन्न

जलपाईगुड़ी। तृणमूल नेता कृष्ण दास की पहल पर जलपाईगुड़ी में फासीवाद विरोधी गण मंच द्वारा सभा आयोजित की गई। बैठक का आयोजन रविवार को जलपाईगुड़ी पातकाटा स्कूल मैदान में किया गया। बारोपेटिया क्षेत्र के उप प्रधान और जलपाईगुड़ी के विशिष्ट तृणमूल नेता कृष्ण दास, हुगली जिले के नेता सेलिमा मल्लिक, बिश्वनाथ चक्रवर्ती और अन्य ने मंच पर अपना वक्तव्य रखा।

सभी वक्ताओं ने भाजपा की फासीवादी गतिविधियों के खिलाफ बात की और राज्य में ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली सरकार की विभिन्न विकासात्मक गतिविधियों को विस्तार से बताया। उधर, तृणमूल नेता विश्वनाथ चक्रवर्ती ने अपने भाषण में कहा, सभी सावधान रहें, एकजुट रहें, जल्द ही एक नंबर जारी किया जाने वाला है, जिससे आप किसी भी नेता के खिलाफ सीधे ममता बनर्जी से शिकायत कर सकते हैं।

गृहस्थ की सूझबूझ से पकड़ा गया चाइनीज फेरेट बेजर

जलपाईगुड़ी। एक गृहस्थ की सूझबूझ से अज्ञात पशु पकड़ा गया जिसे बाद में वन विभाग को सौंप दिया गया। अज्ञात पशु को देख सहरवासी दहशत में आ गये थे। जलपाईगुड़ी जिले के धूपागुड़ी के दक्षिण गोसाईरहाट में अज्ञात पशु का दहशत पिछले कई दिनों से छाया हुआ था। स्थानीय निवासी जानवर के उत्पात से तंग आ चुके थे। आधी रात को ये किचन में घुस जाता और उथल पुथल मचाता, कभी घर में गड्ढा खोद देता।

स्थानीय निवासियों ने आखिरकार अपनी सूझबूझ से उसे पकड़ लिया और टीन के डब्बे में बंद कर दिया। प्राथमिक तौर पर इसे जंगली बिल्ली माना जा रहा है। वन विभाग को अवगत करा दिया गया है। बताया गया कि धूपगुड़ी के पशु प्रेमी संगठन के नेता अनिकेत चक्रवर्ती ने जानवर को बचाया और उसे वन विभाग को सौंप दिया। मालूम हो कि इस जानवर का नाम चाइनीज फेरेट बेजर है।

शहर में देह व्यापार के धंधे का भंडाफोड़, 8 लोग गिरफ्तार

सिलीगुड़ी। सिलीगुड़ी महानगर पुलिस की प्रधाननगर पुलिस टीम ने देह व्यापार के धंधे का भंडाफोड़ किया। पुलिस ने शहर में तीन जगहों पर छापेमारी कर कुल 8 लोगों को गिरफ्तार किया है। प्रधान नगर थाने की पुलिस ने इस घटना में चार लड़कियों को भी छुड़ाया है। गिरफ्तार किए गए 8 लोगों में से चार बिहार के रहने वाले बताए जा रहे हैं। आरोपी उमेश अग्रवाल, अरविंद पति तिवारी, दीपक शर्मा, वेंकटेश कुमार, रवि कुमार, गौतम कुमार, आलोक राज, दीपक कुमार को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।

पति के शक ने ली पत्नी की जान

अलीपुरद्वार। पति को शक था की पत्नी व्यभिचार में लिप्त है। जिसके कारण पारिवारिक विवाद से परेशान पत्नी ने आत्महत्या कर ली। घटना अलीपुरद्वार जिले के कुमारग्राम ब्लॉक के भल्का इलाके में हुई। पारिवारिक सूत्रों से पता चला है कि पति-पत्नी का इस अवैध संबंध को लेकर विवाद लगा रहता था। पति काफी समय से अपनी पत्नी पर शक करता था। रविवार के दिन भी पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ। इसके बाद पत्नी ने अपने कमरे जाकर आत्महत्या कर ली।

परिजन अस्वस्थ्य हालत में पत्नी को कामाख्यागुरी ब्लॉक प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए तो चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया। पूरी घटना के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया है। शव को सोमवार को पोस्टमार्टम के लिए अलीपुरद्वार जिला अस्पताल भेजा जायेगा। घटना के बाद से पति फरार है।

उत्तर बंगाल समाज कल्याण स्वयंसेवी संगठन की पहल पर होम्योपैथी स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित

अलीपुरद्वार। उत्तर बंगाल समाज कल्याण स्वयंसेवी संगठन की पहल पर रविवार को फालाकाटा ब्लॉक के योगेंद्रपुर एन.बी. स्कूल प्रांगण में नि:शुल्क होम्योपैथी स्वास्थ्य जांच शिविर एवं दवाईयों का वितरण किया गया। स्वास्थ्य जांच शिविर में विभिन्न क्षेत्रों से लोग समस्याओं के साथ पहुंचे। बताया जाता है कि वहां करीब 200 ग्रामीणों का शारीरिक परीक्षण किया गया।

इस स्वयंसेवी संगठन के एक उद्यमी ने कहा, हम साल भर कुछ न कुछ समाज सेवा के काम करते हैं, जैसे आज का स्वास्थ्य जांच शिविर और दवा वितरण। हमारा संगठन आने वाले दिनों में भी लोगों के साथ रहेगी। स्थानीय लोगों ने इस पहल की सराहना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *