उत्तर बंगाल की खबरों पर एक नजर…

सिलीगुड़ी पुलिस कमिश्नरेट मैदान में गणतंत्र दिवस परेड का आयोजन

सिलीगुड़ी। सिलीगुड़ी मेट्रोपॉलिटन पुलिस हर साल की तरह इस साल भी 26 जनवरी को गणतंत्र दिवस परेड का आयोजन करने जा रही है। इसके तहत सिलीगुड़ी पुलिस कमिश्नरेट मैदान में शुक्रवार सुबह से परेड चल रही है। शुक्रवार सुबह पुलिस कर्मियों के अलावा, इस परेड में बीएसएफ के जवान, सेना व अन्य स्कूल व कॉलेज के छात्र-छात्राओं ने हिस्सा लिया। हर साल सिलीगुड़ी पुलिस कमिश्नरेट के मैदान में इस परेड का आयोजन किया जाता है। इसके माध्यम से परेड में भाग लेने वालों ने विभिन्न सामाजिक संदेशों पर प्रकाश डाला। विभिन्न विभागों से परेड प्रदर्शित की गई। पुलिस, सेना बलों की इसी तरह इस साल भी परेड की व्यवस्था की गई है।

कंचनजंघा स्टेडियम में सेना उपकरण प्रदर्शनी आयोजित

सिलीगुड़ी। सिलीगुड़ी कंचनजंघा स्टेडियम में भारतीय सेना द्वारा सेना उपकरण प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। इस प्रदर्शनी का आयोजन मुख्य रूप से नई पीढ़ी की सेना के प्रति रुचि बढ़ाने और नई पीढ़ी को यह जानकारी देने के लिए किया गया है कि सेना युद्धकालीन अभियानों में कैसे काम करती है। शुक्रवार को आयोजित प्रदर्शनी में सिलीगुड़ी के विभिन्न स्कूलों के छात्रों ने भी भाग लिया, सेना के जवानों ने स्कूली छात्रों को सेना द्वारा उपयोग किए जाने वाले विभिन्न उपकरणों की जानकारी दी।

आवास योजना के पहले चरण की सूची में 42 लाभार्थियों में से 4 अज्ञात

कालिमपोंग। कलिम्पोंग जिले के 1 ब्लॉक के काफर कांकेबोंग ग्राम पंचायत क्षेत्र में आवास योजना में पहले चरण में 42 लाभार्थियों का नामांकन किया गया था। प्रथम चरण की सूची के अनुसार चार हितग्राही की कोई खोज खबर नहीं मिला। यानी वे संशोधित सूची में वे् अज्ञात बताये गये हैं। हालांकि, शेष 38 लाभार्थियों के आवास पहले ही बन चुके हैं। केंद्रीय प्रतिनिधिमंडल ने अज्ञात लाभार्थियों के मामले की जांच के अलावा उन उपभोक्ताओं के दस्तावेजों की भी जांच की, जिनके घर पहले ही बन चुके हैं।

एसएसबी और वन विभाग के संयुक्त अभियान में लाखों रुपए मूल्य का हाथी दांत बरामद

सिलीगुड़ी। गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर घोष पुकुर वन विभाग ने तस्करी की घटना में शामिल होने के आरोप में तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। पता चला है कि एसएसबी के जवानों ने बीती रात खोरीबाड़ी के भारत-नेपाल सीमा क्षेत्र से तीन संदिग्ध लोगों को गिरफ्तार किया है। तलाशी के दौरान उनके पास से हाथी के दो दांत बरामद हुए। वन विभाग के घोष पुकुर रेंज से संपर्क करने के बाद रेंजर सोनम भूटिया के नेतृत्व में वनकर्मी मौके पर पहुंचे और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

शुक्रवार को सिलीगुड़ी महकमा न्यायालय में पेश किया जाएगा। पता चला है कि ये दोनों दांतों को बिहार की ओर ले जाते समय आरोपी की चार पहिया पिकअप वैन से बरामद किए गए। पिकअप वैन को भी सीज कर लिया गया गिरफ्तार लोगों की पहचान असित टोप्पो, अनिल उरांव, पुनीलाल नगेशिया के रूप में हुई है। ये सभी खपरैल के रहने वाले बताए जा रहे हैं। इस संबंध में घोषपुकुर के रेंजर ने बताया कि मामले में तहकीकात जारी है।

वन विभाग ने कब्जा मुक्त कराया अपनी जमीन, मकान मालिक गिरफ्तार

सिलीगुड़ी। सिलीगुड़ी के फराबाड़ी नेपाली बस्ती एरिया में वन विभाग ने अवैध निर्माण के खिलाफ अभियान चलाया। वन विभाग के बैकुंठपुर डिविजन के डाबग्राम रेंज द्वारा यह अवैध कब्जा मुक्त कराने के लिए अभियान चलाया गया था। पता चला है कि वन विभाग की जमीन पर अवैध रूप से दो मंजिला मकान बनाया गया था। कुछ महीने पहले वन विभाग ने मकान को गिराने का नोटिस जारी किया था, लेकिन मकान के मालिक डीवी छेत्री ने इस ओर भी ध्यान नहीं दिया। आखिरकार वन विभाग ने अवैध निर्माण के खिलाफ अभियान छेड़ दिया। वन विभाग के डीएफओ सहित उच्च पदस्थ अधिकारियों की मौजूदगी में मकान को तोड़ा गया था। यह भी पता चला है कि घर के मालिक को गिरफ्तार कर लिया गया है।

रात के अंधेरे में अनियंत्रित वाहन ने राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे बने चार दुकानों को तोड़ा

सिलीगुड़ी। फूलबाड़ी में भीषण हादसे में चार दुकानदार बाल-बाल बचे। राष्ट्रीय राजमार्ग पर नियंत्रण खोने के बाद एक ट्रेलर वाहन चार दुकानों को तोड़ते हुए अंदर घुस गया। घटना गुरुवार रात सिलीगुड़ी के पास फूलबाड़ी मर्डर मोड़ इलाके में हुई। हालांकि घटना में कोई जनहानि नहीं हुई है, लेकिन लाखों रुपये का नुकसान हुआ ऐसा दुकानदारों ने बताया है। स्थानीय सूत्रों के अनुसार बीती रात करीब 10 बजे सिलीगुड़ी से आ रहे माल से लदे ट्रेलर ने नियंत्रण खो दिया और सड़क किनारे चार दुकानों को घुस गया।

जिससे चारों पक्की दुकाने पूरी तरह से टूट फूटकर बिखर गयी। हादसे के समय दुकान बंद होने के कारण दुकानदारों की जान बाल-बाल बच गई। घटना के बाद वाहन चालक फरार हो गया। इस हादसे में कई लाख रुपये का नुकसान हुआ है। न्यू जलपाईगुड़ी थाने की पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने आकर दुर्घाटनाग्रस्त वाहन को बरामद किया और पूरी घटना की जांच शुरू कर दी।

बम को बॉल समझकर खेलते समय तीन बच्चे गंभीर रूप से घायल

उत्तर दिनाजपुर। उत्तर दिनाजपुर जिले के डालखोला थाने के बेलबाड़ी इलाके में बम को गेंद समझकर खेलते समय तीन बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गये। इलाकावासियों ने तुरंत राहत कार्य करते हुए घायल बच्चों को इलाज के लिए करनदिघी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले गये। घायलों की हालत बिगड़ी तो उन्हें रायगंज मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल रेफर कर दिया गया। स्थानीय सूत्रों के अनुसार, बांस की झाड़ियों में कुछ गोले पड़े हुए थे, बच्चे उन्हें गेंद समझकर खेलने गये तो एक बम फट गया।

इस घटना में रवि ऋषि (12), बिकास ऋषि (8) व शोनू ऋषि (7) नाम के तीन बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए। इन सभी को करनदिघी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के डॉक्टरों द्वारा रायगंज मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल रेफर कर दिया गया। इस्लामपुर जिला पुलिस अधीक्षक बिशप सरकार ने बताया कि प्राथमिक जांच में घायलों को अस्पताल ले जाया गया है, अभी तक बम का कुछ भी सुराग देखने को नहीं मिला है।

इस्लामपुर कॉलेज में वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता का शुभारंभ

उत्तर दिनाजपुर। इस्लामपुर कॉलेज की वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता शुक्रवार को शुरू हुआ। कोरोना के कारण बने हालात के चलते पिछले दो साल से खेलकूद प्रतियोगिता नहीं हो पाई थी। दो साल बाद किये गये इस खेल प्रतियोगिता के आयोजन से छात्रों और शिक्षकों के साथ पूरे कॉलेज में भारी उत्साह का माहौल देखा गया। कॉलेज के कार्यवाहक प्राचार्य काजल रंजन विश्वास ने कहा कि खेल के माध्यम से छात्रों और शिक्षकों के बीच समझ और जुड़ाव मजबूत होता है। खेलों के माध्यम से शारीरिक एवं अच्छे स्वास्थ्य तथा चरित्र निर्माण व विकास होता है। इसलिए विद्यार्थी जीवन में खेलों का अत्यधिक महत्व है।

भवानीगंज बाजार की हालत में सुधार की मांग को लेकर व्यापारी संघ ने किया आन्दोलन

कूचबिहार। कूचबिहार जिला व्यापारी संघ ने भवानीगंज बाजार के व्यापारियों पर अत्यधिक कर वृद्धि, भूमि हस्तांतरण पर रोक लगाने और भवानीगंज बाजार की मरम्मत सहित कुल पांच बिंदुओं की मांग को लेकर जिलाधिकारी कार्यालय में ज्ञापन सौंपा। कूचबिहार जिला व्यापारी संघ की ओर से आज इस मुद्दे को लेकर विरोध प्रदर्शन किया गया। व्यापारियों की शिकायत है कि कूचबिहार के भवानीगंज बाजार की लंबे समय से हालत जर्जर है। कई बार शिकायत करने के बाद भी कूचबिहार नगर पालिका द्वारा कोई कार्रवाई नहीं की गई।

फिर कूचबिहार नगर पालिका के वर्तमान अध्यक्ष व्यापारियों पर बोझ डाल रहे हैं। वर्तमान में कूचबिहार नगर पालिका ने सैकड़ों गुना टैक्स बढ़ा दिया है। साथ ही उन्होंने शिकायत की कि भवानीगंज बाजार की जमीन राजा मूल से ट्रांसफर की गई है। लेकिन फिलहाल नगर पालिका ने उस तबादले पर रोक लगा दी है। जल्द ही व्यापारियों की मांगों को पूरा नहीं किया गया तो उन्होंने आने वाले दिनों में और बड़ा आंदोलन करने की चेतावनी दी।

“सीमा ग्राम संबंध अभियान” कार्यक्रम 20, 21 व 22 जनवरी को

कूचबिहार। भारतीय जनता पार्टी के युवा मोर्चा संगठन ने घोषणा की कि “सीमा ग्राम संबंध अभियान” कार्यक्रम के माध्यम से केंद्र सरकार ने सभी परिवारों का दौरा किया है और कार्यक्रम के माध्यम से कूचबिहार की सीमा के साथ लगे अन्य गांवों में विकास के बारे में विभिन्न जानकारी एकत्र करने तथा प्रधानमंत्री द्वारा उन्हें भेजा गया धन्यवाद कार्ड केबारे में बताया जायेगा। यह कार्यक्रम 20, 21 व 22 जनवरी को कूचबिहार के दिनहाटा व शितलकुची विधानसभा क्षेत्र के चार गांवों में आयोजित किया जायेगा।

इस अभियान में जनता पार्टी राष्ट्रीय युवा मोर्चा के सचिव अरुण हजारिका, युवा मोर्चा अपर प्रदेश उपाध्यक्ष भास्कर घोष और कूचबिहार जिला भाजपा अध्यक्ष व विधायकगण शामिल होंगे। सीमावर्ती गांवों में दिन प्रतिदिन बढ़ती उग्रवादी संगठनों की गतिविधियों से आम जनता को अवगत कराया जायेगा। इसके साथ ही इलाके में बाइक रैली व छोटी सभाएं करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *