पति-पत्नी के विवाद में 3 की मौत, एक की हालत गंभीर

मालदा। मालदा में पारिवारिक विवाद के चलते निर्मम हत्या की घटना को लेकर सनसनी फैल गयी है। पत्नी, पत्नी की बहन और उसकी बेटी को काट कर पति ने आत्महत्या कर ली। इस जानलेवा वार से पत्नी निर्मला मंडल (28) मौत से जूझ रही है जबकि उसकी बहन व बहन की बेटी की मौत हो चुकी है। सनसनीखेज घटना शनिवार की रात इंग्लिशबाजार थाना क्षेत्र के यदूपुर 1 ग्राम पंचायत के कमलाबाड़ी बंधपुकुर इलाके में हुई। इंग्लिशबाजार थाने की पुलिस ने तीनों मृतकों के शव बरामद कर मालदा मेडिकल कॉलेज भेजने की व्यवस्था की।

जबकि गंभीर रूप से घायल निर्मला मंडल इस समय मेडिकल कॉलेज में मौत से जूझ रही है। पुलिस सूत्रों के अनुसार मृतकों की पहचान टुबाई मंडल (35), दीप्ति सिंह मंडल (24) और लक्ष्मी मंडल (14) के रूप में हुई है। पुलिस और स्थानीय सूत्रों के अनुसार मृतक टुबाई मंडल लंबे समय से दुबई में मजदूरी करने गया हुआ था। कुछ दिन पहले वह बंधपुकुर इलाके में अपने गांव घर लौटा था। लेकिन पति- पत्नी के बीच पहले से काफी विवाद चल रहा था। पति से नाता तोड़ने के बाद पत्नी निर्मला मंडल अपने पिता के घर पर रह रही थी। कुछ दिन पहले टुबाई मंडल अपने घर मालदा के गांव लौटा।

फिर वह अपनी पत्नी को घर लाने की कोशिश करने लगा। लेकिन पत्नी अपने पति की बात नहीं मानना चाहती थी। उसके बाद शनिवार की रात योजना के अनुसार आरोपी टुबाई मंडल ने हाथ में कुल्हाड़ी लेकर अपनी ससुराल पहुंचा व पत्नी को वापस ले जाने के लिए उससे विवाद व मारपीट करने लगा। इसपर वहां मौजूद अन्य महिलाओं ने उसे रोकने की कोशिश की लेकिन आरोपी टुबाई मंडल ने कुल्हाड़ी से उन तीनों पर वार कर दिया।

सिर पर वार कर दोनों की मौत हो गयी जबकि उसकी पत्नी की स्थिति आशंकाजनक बनी हुई है। फिर उसने खुद घर की दो मंजिला छत से कूदकर आत्महत्या कर ली। इंग्लिशबाजार थाने की पुलिस ने बताया कि तीनों के शवों को मालदा मेडिकल कॉलेज के मुर्दाघर में भेज दिया गया है। गंभीर रूप से घायल निर्मला देवी मौत से जूझ रही है। हमलावर की कुल्हाड़ी बरामद कर ली गई है। साथ ही पूरे घटनाक्रम की जांच शुरू कर दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *