सिलीगुड़ी के मेयर गौतम देव की आवाज में उत्तर बंगाल को लेकर अफसोस के स्वर

सिलीगुड़ी। इस बार सिलीगुड़ी के मेयर गौतम देव की आवाज में उत्तर बंगाल को लेकर अफसोस का स्वर सुनने को मिला। उत्तर बंगाल के प्रति थोड़ा पिछड़ा रवैया है। हमें प्रदर्शन के जरिए खुद को स्थापित करना होगा।’ ऐसा कहना है मेयर गौतम देव का। गौतम देव की इस टिप्पणी के बाद राजनीतिक हलकों में आलोचना का तूफान आ गया। सोमवार को पत्रकारों से रूबरू होते हुए उत्तर बंगाल को लेकर राज्य की सत्ताधारी पार्टी के ही एक जनप्रतिनिधि के इस रवैये से राज्य की सत्ताधारी पार्टी असहज है।

इस दिन मेयर ने कहा कि कई मामलों में ऐसा लगता है कि उत्तर बंगाल पिछड़ रहा है। सिलीगुड़ी विधायक शंकर घोष ने भी कोलकाता में मीडिया को जवाब दिया। उन्होंने कहा, हमने हमेशा कहा है कि उत्तर बंगाल वंचित है। इस बात को आज मेयर ने खुद स्वीकार किया।

पेयजल की समस्या के समाधान के लिए नगर निगम की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित

सिलीगुड़ी। सिलीगुड़ी शहर में पेयजल की समस्या के समाधान के लिए नगर निगम की ओर से सोमवार को एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। मेयर गौतम देव ने नगर निगम कार्यालय में इस बारे मे निगम के उच्च अधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में जल समस्या के समाधान के लिए आवश्यक कदमों पर विस्तार से चर्चा की गयी। बैठक में पीएचई, सिंचाई समेत अन्य विभागों के अधिकारी मौजूद थे। मुख्य रूप से सिलीगुड़ी शहर में पेयजल समस्या के समाधान के लिए नगर निगम ने एक बड़ा प्रोजेक्ट हाथ में लिया है।

आज उस प्रोजेक्ट की प्रगति की समीक्षा की गई। इसके अलावा पेयजल समस्या के समाधान के लिए और क्या करने की जरूरत है, इस पर चर्चा की गयी। गौरतलब है कि सिलीगुड़ी के लोग पीने के पानी की समस्या से जूझ रहे हैं। निगम के विभिन्न वार्डों में पेयजल आपूर्ति की समस्या है। कुछ वार्डों में पानी नहीं पहुंचता है या बहुत ही कम पानी की आपूर्ति की जाती है। उन सभी समस्याओं के समाधान के लिए बैठक मे विस्तार से चर्चा हुई।

मेयर ने अर्जुन अवार्डी मंटू घोष की जीवनी पर आधारित एलबम का किया विमोचन

सिलीगुड़ी। सिलीगुड़ी के मेयर गौतम देव ने अर्जुन पुरस्कार विजेता टेबल टेनिस खिलाड़ी मांतू घोष की जीवनी पर आधारित एलबम का विमोचन किया। मांतू घोष सिलीगुड़ी की जानी-मानी टेबल टेनिस खिलाड़ी है। उसने पूरे देश में सिलीगुड़ी का नाम रोशन करते हुए अर्जुन पुरस्कार प्राप्त किया। इसी दिग्गज खिलाड़ी के उम्दा कोचिंग से आज सिलीगुड़ी से सैकड़ों टेबल टेनिस खिलाड़ी निकल रहे हैं।मेयर गौतम देव ने सोमवार को सिलीगुड़ी जर्नलिस्ट क्लब में मांतू घोष की जीवनी की इस एलबम को आधिकारिक तौर पर जारी किया। मालूम हो कि इस एलबम में मांतू घोष के जीवन की सफलता, खेल से जुड़े उनके जीवन आदि पर प्रकाश डाला गया है। आयोजकों को उम्मीद है कि इस एलबम से नई पीढ़ी की खेल में रुचि बढ़ेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *