Gridart 20231123 184206322

विनय शर्मा को ‘रवि दवे स्मृति सम्मान’ एवं अजय राय को ‘निनाद सम्मान’ से किया जाएगा सम्मानित

कोलकाता। देश की प्रतिष्ठित साहित्यिक-सांस्कृतिक संस्था नीलांबर द्वारा नाटक के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए प्रतिवर्ष दिया जाने वाला ‘रवि दवे स्मृति सम्मान’ इस वर्ष देश के सुप्रतिष्ठित रंगकर्मी एवं रंगमंच निर्देशक विनय शर्मा को दिया जाएगा। उन्हें आधुनिक भारतीय रंगमंच में उनके अभिनव और अत्याधुनिक काम के लिए जाना जाता है। चार दशक से अधिक समय से भारतीय रंगमंच में सक्रिय कोलकाता निवासी अभिनेता, रंगमंच निर्देशक, लेखक, नाटककार, कवि और छायाकार विनय शर्मा ने हिंदी और अंग्रेजी में 30 से अधिक नाटकों का निर्देशन और डिजाइन किया है। बच्चों के लिए 17 नाटकों के सह-लेखन, सह-निर्देशन ,गीत और संगीत की रचना के लिए भी वे जाने जाते हैं। वर्तमान में वे पदातिक थिएटर, कोलकाता के कला निदेशक हैं।

सामाजिक-सांस्कृतिक योगदान एवं साहित्य के लोकप्रियकरण हेतु संस्था द्वारा दिया जाने वाला ‘निनाद सम्मान’ इस वर्ष सुपरिचित गायक अजय राय को देने की घोषणा हुई है। भागलपुर विश्वविद्यालय के कलाकेंद्र से संगीत की प्रारंभिक शिक्षा प्राप्त करने के उपरांत चंडीगढ़ से इन्होंने संगीत विशारद की उपाधि प्राप्त की। गुरु-शिष्य परम्परा में इंदौर घराने के विख्यात आचार्य -गायक-गुरु पंडित अमरनाथ के सान्निध्य में श्री राम भारतीय कलाकेंद्र, दिल्ली से इन्होंने संगीत की शिक्षा ग्रहण की है। आकाशवाणी भागलपुर, आकाशवाणी दिल्ली और आकाशवाणी कोलकाता में वे लगातार गायन करते आए हैं। शास्त्रीय गायन के साथ सुगम संगीत में हिंदी की विशिष्ट रचनाओं के गायन, स्वर संयोजन एवं प्रस्तुतियों में वे सलंग्न रहें। काव्य गायन की प्रस्तुतियां यूट्यूब, फेसबुक आदि आधुनिक माध्यमों से लगातार जारी है। उनकी निराला, बच्चन आदि कवियों की रचनाओं की प्रस्तुतियाँ खूब सराही गईं। काव्य गायन के कई संगीत संग्रह उनके नाम है।

नीलांबर संस्था द्वारा आज एक प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से यह जानकारी दी गई है। ‘रवि दवे स्मृति सम्मान’ एवं ‘निनाद सम्मान’ नीलांबर द्वारा आयोजित साहित्योत्सव लिटरेरिया 2023 के दौरान दिया जाएगा। ध्यातव्य है कि इस वर्ष नीलांबर द्वारा राष्ट्रीय स्तर का यह कार्यक्रम 1 दिसंबर से 3 दिसंबर के दौरान कोलकाता के बी.सी. राय ऑडिटोरियम, सियालदह में आयोजित किया जाएगा। इस आयोजन में संगोष्ठी, कविता, कहानी, सिनेमा, नाटक, नृत्य, संगीत, आवृत्ति जैसी विधाओं की प्रस्तुति में देश भर से कई युवा और वरिष्ठ साहित्यकार एवं कलाकार शामिल होंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *