TMC Cpim Congress

तृणमूल विपक्षी दलों के गठबंधन की ट्रेन से उतरना चाहती है : मोहम्मद सलीम

Kolkata Hindi News, कोलकाता। मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) की पश्चिम बंगाल इकाई के सचिव मोहम्मद सलीम ने कहा कि देश न्याय और अन्याय के बीच विभाजित है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा में वाम दल का शामिल होना इस लड़ाई का हिस्सा है।

मुर्शिदाबाद जिले के बहरामपुर में भारत जोड़ो न्याय यात्रा में शामिल होते हुए माकपा नेता ने दावा किया कि पश्चिम बंगाल में सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस विपक्षी दलों के इंडी गठबंधन की ट्रेन से उतरना चाहती है।

उन्होंने कहा कि बहुत सारे लोग प्रारंभिक स्टेशन से ट्रेन में चढ़े हैं, लेकिन कोई यह नहीं कह सकता कि कौन भाजपा के खिलाफ लड़ाई का हिस्सा बना रहेगा और कौन रास्ते में उतर जाएगा।

बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी अब ट्रेन से उतरना चाहती हैं और हम उनका स्वागत करते हैं।

उन्होंने दावा किया कि ममता बनर्जी कांग्रेस को निशाना बनाने के लिए माकपा के नाम का इस्तेमाल कर रही हैं। सलीम ने कहा कि कांग्रेस एक बहुत बड़ी अखिल भारतीय पार्टी है, क्या माकपा के पास इतनी ताकत है? लेकिन फिर भी वह कह रही हैं कि माकपा उसे नियंत्रित कर रही है।

उन्होंने कहा कि ममता बनर्जी ने हाल ही में दावा किया था कि माकपा विपक्षी गठबंधन के एजेंडे को नियंत्रित करने की कोशिश कर रही है। उन्होंने साथ ही घोषणा की थी कि उनकी पार्टी पश्चिम बंगाल में भाजपा के खिलाफ अकेले लड़ेगी।

“असली लड़ाई रोजगार और किसानों की समस्याओं के लिए है, लेकिन कुछ दल धर्म के नाम पर राजनीति कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि लड़ाई का एजेंडा तय हो चुका है।”

मोहम्मद सलीम ने कहा कि यात्रा को असम और पश्चिम बंगाल से गुजरने के समय बाधाओं का सामना करना पड़ा है। उन्होंने कहा कि हम ऐसी बाधाओं की निंदा करते हैं क्योंकि यह हमारी राजनीतिक संस्कृति नहीं है। यात्रा में माकपा की केंद्रीय समिति के सदस्य सुजन चक्रवर्ती और पार्टी के अन्य नेता भी शामिल हुए।

ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे कोलकाता हिन्दी न्यूज चैनल पेज को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। एक्स (ट्विटर) पर @hindi_kolkata नाम से सर्च कर, फॉलो करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *