विधानसभा में अखिल गिरि के खिलाफ निंदा प्रस्ताव लाएंगे भाजपा के आदिवासी विधायक

कोलकाता। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू पर बंगाल के कारागार राज्य मंत्री अखिल गिरि के बयान को लेकर हंगामा थमता नहीं दिख रहा। भारतीय जनता पार्टी के आदिवासी विधायक इस मामले को लेकर अखिल गिरी के खिलाफ अब विधानसभा में प्रस्ताव लाने की तैयारी कर रहे हैं। रामनगर से तृणमूल कांग्रेस के विधायक अखिल गिरी के खिलाफ आगामी 18 नवंबर से शुरू हो रहे विधानसभा के शीतकालीन सत्र में ही भाजपा विधायक निंदा प्रस्ताव लाएंगे। भाजपा अनुसूचित मोर्चा के अध्यक्ष और हबीबपुर के विधायक ज्वेल मुर्मू ने शनिवार को यही संकेत दिया।

विधानसभा में भाजपा के 70 विधायकों में से आठ आदिवासी समुदायों से हैं। सभी ने इस पर सहमति दी है। ज्वेल ने कहा कि हम आदिवासी समुदाय से हैं। हालांकि हम एक पिछड़ा समुदाय हैं, लेकिन हमारे मन में सम्मान है। जिस तरह से उस आदिवासी समुदाय की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू पर ओछी बयानबाजी हुई है उसकी निंदा करने के लिए शब्द नहीं हैं।उन्होंने आगे कहा कि हम विपक्ष के नेता से अपील करेंगे, ताकि अखिल के खिलाफ निंदा प्रस्ताव लाया जा सके।

संयोग से भाजपा विधायक दल के महासचिव मनोज टिग्गा भी आदिवासी समुदाय से हैं। उन्होंने पार्टी विधायकों की निंदा प्रस्ताव के फैसले भी समर्थन किया है। हालांकि, इस मामले में वे संसदीय दल में चर्चा कर निर्णय को सार्वजनिक करना चाहते हैं।

मदारीहाट से भाजपा विधायक टिग्गा ने कहा कि अखिल ने राष्ट्रपति का इस तरह अपमान किया है कि देश उनके खिलाफ गरज उठा है। उनके पुतले फूंके जा रहे हैं। उसके खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कर ली गई है। मैं विपक्ष के नेता शुभेंदु अधिकारी से इस मामले पर चर्चा करने के बाद निश्चित तौर पर कोई फैसला लूंगा। विपक्ष के नेता शुभेंदु अधिकारी ने भी ट्वीट कर राष्ट्रपति के अपमान पर अपना गुस्सा जाहिर किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *