Budget Session of Parliament

केंद्र से बंगाल को मिलने वाला पैसा TMC के नेता खा जाते हैं : PM Modi

Kolkata Hindi News, कोलकाता। देश भर के 13 राज्यों की 88 सीटों पर जब शुक्रवार को दूसरे चरण के लिए मतदान हो रहा है तो पीएम नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) ने पश्चिम बंगाल में चुनावी जनसभा को संबोधित किया है। यहां उन्होंने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी (Mamata Banerjee)  पर जमकर हमला बोला और कहा कि केंद्र से जो भी पैसा बंगाल के लोगों के लिए भेजा जाता है उसे ममता बनर्जी के मंत्री और नेता खा जाते हैं। पीएम नरेंद्र मोदी ने मालदा में रैली को संबोधित करते हुए कहा कि आप लोग इतनी बड़ी संख्या में आए हैं कि मैदान छोटा पड़ गया है।

पीएम मोदी ने कहा कि आप लोगों को यहां तकलीफ हो रही है। इसके लिए मैं क्षमा मांगता हूं। इस दौरान बंगाल के लिए अपने फिक्रमंद होने की बात करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि मैं आप लोगों के प्यार को विकास करके लौटाऊंगा। यही नहीं बंगाल से अपने प्यार को बयां करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि मुझे ऐसा लगता है कि या तो मैं पिछले जन्म में बंगाल में पैदा हुआ था या फिर अगला जन्म मेरा यहीं होने वाला है।

यह भी पढ़ें:  राशन वितरण भ्रष्टाचार || मंत्री ज्योतिप्रिय मलिक ने फंड ट्रांसफर के लिए सास और साले के अकाउंट का किया इस्तेमाल

तृणमूल सरकार पर निशाना साधते हुए पीएम मोदी ने कहा कि यहां क्या-क्या नहीं हो रहा है। यहां शिक्षक घोटाला, राशन घोटाला सब कुछ चल रहा है। पीएम मोदी ने कहा कि हम दिल्ली से बंगाल के लोगों के लिए जो पैसे भेजते हैं, उन पर टीएमसी के तोलाबाज रोक लगाते हैं। ये लोग पैसा खा जाते हैं। उन्होंने कहा कि इन लोगों ने गरीबों को पांच लाख रुपये का मुफ्त इलाज देने वाली आयुष्मान योजना को रोक रखा है।

हमने बंगाल के किसानों को पीएम किसान सम्मान निधि के तहत आठ हजार करोड़ रुपये भेजे हैं। इसे भी बंगाल की टीएमसी सरकार ने रोक रखा है। प्रधानमंत्री ने कहा कि तृणमूल को आपकी चिंता और परेशानी से कोई लेना-देना नहीं है। ये चाहते हैं कि बंगाल में वंदे भारत ट्रेनें ठप हो जाएं। हम कहते हैं कि मालदा के किसानों का आम और मखाना पूरी दुनिया में मशहूर है। उनकी आमदनी बढ़े और ज्यादा पैसा मिले।

हम कहते हैं कि इसके लिए हम फूड प्रोसेसिंग यूनिट लगाएंगे, लेकिन तृणमूल के लोग कहते हैं कि हमें कटमनी मिलना चाहिए। पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा कि मां, माटी और मानुष के नाम पर आई तृणमूल ने महिलाओं का सबसे ज्यादा नुकसान किया है। हमने मुस्लिम महिलाओं को न्याय दिलाने के लिए तीन तलाक खत्म किया तो तृणमूल सरकार उसके खिलाफ रही। इसके अलावा संदेशखाली में महिलाओं पर अत्याचार करने वाले को बचाती रही।

यह भी पढ़ें:  संसद की सुरक्षा में चूक से सबक, बंगाल विधानसभा में सुरक्षा कर्मियों की तैनाती का आदेश

इस दौरान नागरिकता संशोधित कानून पर भी पीएम मोदी खूब बोले। उन्होंने कहा कि हिंदू, बौद्ध, सिख और ईसाई लोगों का यदि किसी देश में उत्पीड़न होता है तो वे कहां जाएंगे। उनके लिए कहां जगह है। उन लोगों को हम नागरिकता दे रहे हैं। फिर ममता सरकार को इससे आखिर क्या परेशानी है। यही नहीं उन्होंने एक बार फिर से देश की संपत्ति को मुसलमान में बांटने की कांग्रेस की योजना पर कहा कि वे कहते हैं कि हमारे पास एक्सरे है, जिससे पता लगाएंगे कि किसके पास क्या है और उसे ले लेंगे। तृणमूल वाले भी राहुल गांधी के इस मंसूबे के साथ हैं।

पीएम मोदी ने टीएमसी और कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि टीएमसी और कांग्रेस को जोड़े रखने का सबसे बड़ा चुंबक है तुष्टिकरण। तुष्टिकरण के लिए ये दोनों पार्टियां कुछ भी कर सकती हैं। तुष्टिकरण की खातिर ये लोग देशहित में लिए गए हर निर्णय को वापस पलटना चाहते हैं।

प्रधानमंत्री ने कहा कि तृणमूल और कांग्रेस में तुष्टिकरण का कॉम्पिटिशन चल रहा है। तृणमूल सरकार बंगाल में बांग्लादेशी घुसपैठियों को लाकर बसाने का काम करती है। इन घुसपैठियों को आपकी जमीन और खेत पर कब्जा करवाती है। वहीं, कांग्रेस आपकी संपत्ति ऐसे वोटबैंक में बांटने की बात कर रही है।

यह भी पढ़ें:  बंगाल सरकार ने चक्रवात के लिए तैयारियों की समीक्षा की, अलर्ट जारी, जानें सबकुछ जो आपको जानना चहिए

ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे कोलकाता हिन्दी न्यूज चैनल पेज को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। एक्स (ट्विटर) पर @hindi_kolkata नाम से सर्च करफॉलो करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *