बंगाल के हुगली में हुए दंगे पर भड़के बंगाल के राज्यपाल

कोलकाता। पश्चिम बंगाल के राज्यपाल सीवी आनंद बोस ने हुगली में हुए दंगे पर सख्त टिप्पणी की है। उन्होंने आश्वासन दिया कि हुगली शोभा यात्रा के दौरान हंगामा करने वाले दोषियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। राज्यपाल ने कहा, ‘सुरक्षाबल समय पर पहुंच गए हैं, और दोषियों को गिरफ्तार किया जाएगा और सलाखों के पीछे डाल दिया जाएगा। हम दृढ़ हैं… इस तरह की गुंडागर्दी लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं को विफल करती है।’ उन्होंने आगे कहा, ‘गुंडों को पूरी सख्ती से कुचल दिया जाएगा। वह उस दिन को कोसने के लिए मजबूर हो जाएंगे जिस दिन वे पैदा हुए थे।

लोकतंत्र को पटरी से नहीं उतारा जा सकता है। राज्य इस आगजनी और लूटपाट को खत्म करने के लिए दृढ़ है। कानून तोड़ने वालों को जल्द ही ये अहसास होगा कि वे आग से खेल रहे हैं।’   बता दें कि हुगली में रविवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की शोभा यात्रा के दौरान जमकर बवाल और पथराव हुआ। इसमें कई लोग घायल हो गए।

भाजपा नेता दिलीप घोष ने कहा कि जुलूस में कई महिलाएं और बच्चे थे जिन पर हमला किया गया। अचानक, सड़क के एक तरफ से हम पर पत्थर फेंके गए। पथराव में कई पुलिसकर्मी भी घायल हो गए, हालांकि मुझे और कुछ अन्य नेताओं को बचाया गया और क्षेत्र से बाहर ले जाया गया। पुलिस कुछ देर मूकदर्शक बनी रही।

बंगाल के उद्योग मंत्री शशि पांजा ने आरोप लगाया कि भाजपा राज्य की शांति भंग करने में शामिल है। उन्होंने आरोप लगाया, ‘भाजपा सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने और देश भर में सांप्रदायिक दंगे भड़काने के लिए जानी जाती है।’ पांजा ने कहा कि रैली, जिस पर हमला किया गया, उसका नेतृत्व दिलीप घोष कर रहे थे, जो अपने भड़काऊ बयानों के लिए जाने जाते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *