सुनील छेत्री ने मेसी को पीछे छोड़ा, इस रिकॉर्ड को बनाने से एक गोल दूर

दोहा। Sports Desk : भारतीय फुटबॉल टीम के करिश्माई स्ट्राइकर सुनील छेत्री (Sunil Chhetri) अर्जेंटीना के सुपर स्टार लियोनल मेसी (Lionel Messi) को पीछे छोड़कर सर्वाधिक गोल करने वाले सक्रिय खिलाड़ियों की सूची में दूसरे स्थान पर पहुंच गए हैं। 36 वर्षीय छेत्री ने सोमवार को ​फीफा विश्व कप 2022 और एएफसी एशियाई कप 2023 के संयुक्त क्वॉलिफाईंग मैच में बांग्लादेश के खिलाफ भारत की तरफ से दोनों गोल किए।

इस तरह से उनके कुल अंतरराष्ट्रीय गोल की संख्या 74 हो गई है। विश्व कप क्वॉलिफायर में भारत की पिछले छह वर्षों में पहली जीत के नायक सुनील छेत्री सर्वाधिक गोल करने वाले सक्रिय खिलाड़ियों की सूची में केवल पुर्तगाल के क्रिस्टियानो रोनाल्डो (103) से पीछे हैं।

सुनील छेत्री बार्सिलोना के स्टार मेसी से दो और यूएई के अली मबखौत से एक गोल आगे हैं। मबखौत 73 गोल के साथ तीसरे स्थान पर हैं। मेसी ने पिछले गुरुवार को चिली के खिलाफ विश्व कप क्वालीफायर मैच में अपना 72वां अंतरराष्ट्रीय गोल किया था जबकि मबखौत ने मलेशिया के खिलाफ अपनी गोल संख्या में बढ़ोतरी की थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *