सुखविंदर सुक्खू बने हिमाचल के नये मुख्यमंत्री, मुकेश अग्निहोत्री उप मुख्यमंत्री

शिमला। हिमाचल प्रदेश में नादौन विधानसभा क्षेत्र से चाैथी बार विधायक निर्वाचित सुखविंदर सिंह सुक्खू ने राज्य के 15वें मुख्यमंत्री तथा हरोली से विधायक पांचवीं बार विधायक बने मुकेश अग्निहोत्री ने उप मुख्यमंत्री पद की रविवार को शपथ ग्रहण की।राज्यपाल राजेंद्र अर्लेकर ने यहां रिज मैदान पर आयोजित एक भव्य समारोह में सुक्खू और अग्निहोत्री को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलायी।  सुक्खू और अग्निहोत्री ने हिंदी में शपथ ग्रहण की।

इस मौके पर पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकाअर्जुन खड़गे, पार्टी के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी, प्रियंका गांधी, प्रदेश मामलों के प्रभारी राजीव शुक्ला, पर्यवेक्षक और छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, पर्यवेक्षक एवं हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा, सांसद एवं प्रदेश पार्टी अध्यक्ष प्रतिभा सिंह, पंजाब से प्रताप सिंह बाजवा सरीखे वरिष्ठ नेता तथा पार्टी विधायक उपस्थित थे।

इससे पहले विधानसभा परिसर में गत शनिवार को हुई कांग्रेस विधायक दल की बैठक में हाईकमान के फैसले के अनुसार मुख्यमंत्री और उप मुख्यमंत्री पदों के लिये क्रमश: श्री सुक्खू और श्री अग्निहोत्री के नामों पर मुहर लगाई गई थी। शुक्ला, बघेल और हुड्डा ने इसकी घोषणा की। राज्य में पहली बार उप मुख्यमंत्री बनाया गया है।

दोनों ही हमीरपुर संसदीय क्षेत्र के अंतर्गत आते हैं।सुक्खू जहां हमीरपुर जिले से वहीं अग्निहोत्री ऊना जिले से हैं। सुक्खू राजपूत और अग्निहोत्री ब्राह्मण समुदाय से हैं। सुक्खू विधानसभा चुनाव में पार्टी की चुनाव प्रचार समिति के अध्यक्ष भी थे। अड़सठ सदस्यीय विधानसभा के अनुसार राज्य मंत्रिमंडल का आकार मुख्यमंत्री समेत 12 मंत्रियों तक ही हो सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *