श्रद्धा कपूर के नाम एक और बायोपिक

मुंबई। लम्बे समय से सिनेमाई परदे से दूर रही अभिनेत्री श्रद्धा कपूर इन दिनों अपनी अगली फिल्म तू झूठी मैं मक्कार को लेकर काफी चर्चाओं में हैं। इस फिल्म में वे पहली बार रणबीर कपूर के साथ स्क्रीन स्पेस साझा करती नजर आएंगी। लव रंजन के निर्देशन में बन रही यह फिल्म काफी लम्बे समय से चर्चाओं में है। कुछ दिन पूर्व ही लव रंजन ने इस फिल्म का शीर्षक जारी किया था। तू झूठी मैं मक्कार के अतिरिक्त श्रद्धा कपूर की चर्चा सिने गलियारों में एक और फिल्म को लेकर हो रही है। यह एक बायोपिक है जिसमें श्रद्धा कपूर मुख्य भूमिका में नजर आएंगी।

श्रद्धा कपूर के करियर में यह दूसरी बायोपिक होने जा रही है। इससे पहले वे हसीना पार्कर के रूप में दर्शकों के सामने आ चुकी हैं। श्रद्धा कपूर अपनी आने वाली फिल्म में कश्मीर की बहादुर लडक़ी रुखसाना कौसर की भूमिका निभाएंगी। वर्ष 2009 में रुखसाना ने लश्कर-ए-तैयबा के आतंकी अबू ओसामा को कुल्हाड़ी से मार डाला था। इसके बाद फायरिंग करते हुए उन्होंने अन्य आतंकियों को भी खदेड़ दिया था।

इस घटना के बाद रुखसाना को लोग एक मिसाल मानने लगे। उनकी बहादुरी का किस्सा चर्चित हुआ। इस वीरता के लिए रुखसाना और उनके भाई को 2010 में कीर्ति चक्र से सम्मानित किया गया था। रुखसाना रानी झांसी पुरस्कार से भी सम्मानित की गई हैं। वर्तमान में रुखसाना राजौरी में पुलिस कांस्टेबल के पद पर तैनात हैं। अब रुखसाना की इसी कहानी को परदे पर उतारने की तैयारी की जा रही है।

हालांकि अभी तक फिल्म को लेकर कोई भी जानकारी सामने नहीं आई है और न ही इसके प्रदर्शन के बारे में कोई जानकारी दी गई है। बात करें श्रद्धा कपूर के वर्क फ्रंट की तो पुरस्कार विजेता अभिनेत्री, श्रद्धा कपूर, अगली बार बहुप्रतीक्षित तू झूठी मैं मक्कार में रणबीर कपूर के साथ नजर आएंगी, जो 8 मार्च, 2023 को सिनेमाघरों में प्रदर्शित होने के लिए तैयार है। इसके अतिरिक्त उनके पास बहुप्रतीक्षित स्त्री-2 भी है, जिसका निर्देशन अमर कौशिक करने जा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *