शरत कमल को मिलेगा खेल रत्न पुरस्कार

नयी दिल्ली। भारत के दिग्गज टेबल टेनिस खिलाड़ी और दो बार के राष्ट्रमंडल खेल गोल्ड मेडलिस्ट अचंत शरत कमल को मेजर ध्यान चंद खेल रत्न पुरस्कार 2022 से सम्मानित किया जाएगा। केंद्रीय युवा मामले और खेल मंत्रालय ने सोमवार को राष्ट्रीय खेल पुरस्कार 2022 की घोषणा करते हुए यह जानकारी दी। मंत्रालय ने यहां जारी विज्ञप्ति में कहा कि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 30 नवंबर को शरत कमल सहित 30 खिलाड़ियों एवं सात कोचों को राष्ट्रीय खेल पुरस्कारों से सम्मानित करेंगी।

केंद्र सरकार ने पुरस्कार समिति की सिफारिश और उचित जांच के बाद खिलाड़ियों, कोचों और चुनिंदा संस्थाओं को पुरस्कृत करने का निर्णय लिया है। मेजर ध्यान चंद खेल रत्न पुरस्कार से सम्मानित होने वाले शरत कमल ने 16 साल की उम्र में अपने अंतरराष्ट्रीय करियर की शुरुआत की थी और वह पिछले 24 वर्षों से टेबल टेनिस में भारत का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं।

शरत कमल इस दौरान राष्ट्रमंडल खेलों में सात स्वर्ण सहित 13 पदक जीत चुके हैं। इनमें से दो स्वर्ण और एक कांस्य पदक एकल प्रतियोगिता में आया है। उन्होंने हाल ही में बर्मिंघम राष्ट्रमंडल खेल 2022 में पुरुष एकल में सोना जीतने के साथ-साथ अपनी मिश्रित युगल जोड़ीदार श्रीजा अकुला के साथ स्वर्ण पदक हासिल किया था, जबकि उनकी अगुवाई में पुरुष टेबल टेनिस टीम ने भी सोना हासिल किया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *