Img 20231204 Wa0039

साहित्य अकादेमी कोलकाता का अंग्रेजी कवि दाँते मिशो के कविता-पाठ का आयोजन संपन्न

कोलकाता। साहित्य अकादेमी के क्षेत्रीय कार्यालय, कोलकाता द्वारा ‘सांस्कृतिक विनिमय’ के अंतर्गत संयुक्त राज्य अमेरिका से पधारे प्रतिष्ठित अंग्रेजी कवि दाँते मिशो के कविता-पाठ का आयोजन किया गया, जिसकी अध्यक्षता प्रतिष्ठित बांग्ला कवि सुबोध सरकार ने की। आरंभ में अकादेमी के क्षेत्रीय सचिव देवेन्द्र कुमार देवेश ने अतिथियों को उत्तरीय और पुस्तक भेंट कर उनका अभिनंदन किया। अपने स्वागत वक्तव्य में उन्होंने देश-विदेश की विभिन्न भाषा संस्कृतियों के बीच परस्पर संवाद की आवश्यकता पर बल दिया।

दाँते मिशो ने अपनी अंग्रेजी कविताओं का पाठ करते हुए काव्य रचना से जुड़ी स्थितियों के बारे में भी बताया। उनकी कुछ कविताएँ उनके भारतीय प्रवास एवं भारतीय संस्कृति से जुड़ी थीं, जिनमें शिव, प्रांतिक स्टेशन और हिजड़ा विषयक कविताओं को बहुत पसंद किया गया। उन्होंने श्रोताओं से सीधा संवाद करते हुए पठित कविताओं, भारत-यात्रा और अमेरिकी कविता से संबंधित उनकी जिज्ञासाओं का समाधान भी किया।

अपने अध्यक्षीय भाषण में सुबोध सरकार ने मिशो से अपनी पहली मुलाकात की स्मृतियों को साझा करते हुए उनकी कविता की विशिष्टताओं पर प्रकाश डाला। उन्होंने उनकी दो कविताओं के बांग्ला अनुवाद का पाठ भी किया। कार्यक्रम का संचालन एवं धन्यवाद ज्ञापन अकादेमी के सहायक संपादक क्षेत्रवासी नायक द्वारा किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *