देश की संपत्ति का 40 फीसदी हिस्सा एक फीसदी अमीरों के पास : रिपोर्ट

नयी दिल्ली। भारत के एक फीसदी अमीर लोगों के पास देश की कुल संपत्ति का 40 फीसदी हिस्सा है। जबकि निचले स्तर की आधी आबादी के पास देश की केवल 3 प्रतिशत संपत्ति है। ऑक्सफैम इंडिया की सोमवार को सामने आई रिपोर्ट ‘सर्वाइवल ऑफ़ द रिचेस्ट’के अनुसार, साल 2022 में देश के 100 सबसे अमीर लोगों के पास 54.12 लाख करोड़ की संपत्ति है, वहीं 10 सबसे अमीर लोगों के पास 27.52 लाख करोड़ की संपत्ति है।

साल 2021 के मुकाबले इसमें 32.8 फ़ीसदी की बढ़ोतरी हुई है। इसके साथ ही भारत में अरबपतियों की कुल संख्या भी बढ़ी है। साल 2020 में ये आंकड़ा 102 था, जो बढ़कर 2021 में 142 और 2022 में 166 हो गया। इसके विपरीत भारत में 22.89 करोड़ लोग गरीबी में जी रहे हैं, जो दुनिया में सबसे ज़्यादा है।

रिपोर्ट में कहा गया है कि यदि टैक्स को प्रगतिशील नहीं बनाया गया तो इससे देश में असमानताएं और बढ़ेंगी। ऑक्सफैम इंडिया का कहना है कि भारत में टैक्स की दरें आय पर आधारित होती हैं, लेकिन अप्रत्यक्ष टैक्स सभी के लिए समान होते हैं, भले ही उनकी कमाई कितनी भी हो। इसमें बदलाव लाने की ज़रूरत है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *