इनामी हिस्ट्रीशीटर लाला कोलकाता में गिरफ्तार

कोलकाता। एक लाख का इनामी नरेंद्र उर्फ लाला कोलकाता में पकड़ा गया है। आगरा पुलिस ने कोलकाता के सोनारपुर थाना क्षेत्र में उसे घेरा। हिस्ट्रीशीटर लाला अपनी मां राजकुमारी और भाई अरुण के साथ रह रहा था। तीनों को आगरा पुलिस ट्रांजिक्ट रिमांड पर लेकर आ रही है। डकैती का पांच किलोग्राम सोना लाला के पास था। पुलिस ने उसके पास से ढाई किलोग्राम सोना बरामद किया है। शेष माल वह बेच चुका था। पुलिस को 72 घंटे का ट्रांजिक्ट रिमांड मिला है।

17 जुलाई को कमला नगर में सनसनीखेज वारदात हुई थी। हथियार बंद बदमाशों ने मणप्पुरम गोल्ड की ब्रांच में डाका डाला था। बदमाशों ने 19 किलोग्राम सोना और दस लाख से अधिक कैश लूटा था। सोने के आभूषण पैकेट में रखे थे। सुरक्षा के लिए कुछ पैकेट में जीपीएस चिप लगी थी। पुलिस ने उसकी मदद से दो बदमाश मनीष पांडेय और निर्दोष कुमार को एत्मादपुर में घेरा था। दोनों एनकाउंटर में मारे गए थे। पुलिस ने इस मामले में बदमाशों और उनके मददगारों सहित करीब 20 लोगों को जेल भेजा था। वारदात का मास्टर माइंड फिरोजाबाद का हिस्ट्रशीटर नरेंद्र उर्फ लाला पुलिस के हाथ नहीं आया था।

उस पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित था। दो लाख रुपये के इनाम के लिए फाइल लखनऊ भेजी गई थी।नरेंद्र उर्फ लाला की तलाश में पुलिस नोएडा, गाजियाबाद, दिल्ली, हरियाणा, ओडिशा, मुंबई तक खाक छान आई थी। शातिर पुलिस के हाथ ही नहीं आ रहा था। एसटीएफ आगरा यूनिट को भी टॉस्क दिया गया था। एसएसपी सुधीर कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस ने महीनों की मेहनत के बाद लाला के ठिकाने का पता लगाया। गुपचुप तरीके से सर्विलांस, स्वाट और सीआईडब्ल्यू को कोलकाता भेजा गया।

हिमायूंपुर की पुलिया (फिरोजाबाद) निवासी नरेंद्र उर्फ लाला कोलकाता में मिल गया। उसकी मां राजकुमारी और भाई अरुण को भी पुलिस ने पकड़ लिया। तीनों को कोर्ट में पेश किया गया। ट्रांजिक्ट रिमांड लिया गया। पुलिस उसे कोलकाता से आगरा के लिए लेकर चल दी है। आरोपियों के शनिवार की शाम तक आगरा पहुंचने की उम्मीद है। सूत्रों की मानें तो लाला के पास से करीब ढाई किलोग्राम सोने के जेवरात बरामद हुए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *