PM मोदी ने दुनिया भर में आयुर्वेद को बढ़ावा देने का किया आह्वान

पणजी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दुनिया भर में आयुर्वेद को बढ़ावा देने का आह्वान किया। मोदी ने यहां चार दिवसीय विश्व आयुर्वेद कांग्रेस के समापन समारोह को संबोधित करते हुए कहा,“मुझे खुशी है कि 30 से अधिक देशों ने आयुर्वेद को पारंपरिक चिकित्सा पद्धति के रूप में स्वीकार किया है। हमें मिलकर इसे और देशों में फैलाना है। हमें आयुर्वेद को मान्यता देनी होगी। आयुर्वेद तंदुरूस्ती को बढ़ावा देता है। संसार भी जीवन के इसी पुराने दर्शन की ओर लौट रहा है।

मुझे खुशी है कि भारत लंबे समय से इस पर काम कर रहा है। पहले योग और आयुर्वेद की उपेक्षा की जाती थी लेकिन अब ये मानवता के लिए नई उम्मीद बनकर उभरे हैं। मैंने आयुर्वेद में डेटा-आधारित साक्ष्य के प्रलेखन पर बल दिया है। हमारे पास परिणाम और प्रभाव था लेकिन हम आयुर्वेद में प्रमाण के कारण पिछड़ रहे थे। इसलिए, डेटा आधारित साक्ष्य को दस्तावेज करने की आवश्यकता है। हमें सभी दावों को सत्यापित करना होगा।

सरकार आयुष कंसोर्टियम विकसित करने पर काम कर रही है। आयुष उद्योग तेजी से बढ़ रहा है। बाजार के विस्तार और इससे जुड़े लाभों का लाभ उठाने की आवश्यकता है। आयुष के क्षेत्र में बहुत सारे नए अवसर उभर रहे हैं। इसमें सभी के लिए अवसर हैं। आयुष में 40,000 एमएसएमई लगे हुए हैं जो स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती प्रदान करते हैं। आयुष उद्योग, जो आठ साल पहले 20,000 करोड़ रुपये का था, आज 1,50,000 करोड़ रुपये हो गया है।

इसका मतलब है कि यह सात गुना बढ़ गया। निकट भविष्य में यह और आगे बढ़ेगा। हर्बल दवा करीब 10 लाख करोड़ रुपये की है जबकि पारंपरिक दवा बाजार का विस्तार हो रहा है। इसलिए हमें इसका लाभ उठाना चाहिए। गोवा जैसे पर्यटक राज्यों को आयुर्वेद और प्राकृतिक चिकित्सा को बढ़ावा देकर पर्यटन को बढ़ावा देना चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *