धान की कटाई

आशा विनय सिंह बैस, नई दिल्ली। धान की फसल के साथ यह अच्छा है कि खेत से कटाई, खलिहान में धान पीटना और फिर उन्हें घर तक पहुंचाने का कार्य करने के बाद ही लौनी (मजदूरी) दी जाती है। लेकिन गेहूं में ऐसी सुविधा कभी नहीं रही है। गेहूं की फसल काटकर खलिहान तक पहुंचाने की ही जिम्मेदारी मजदूरों की होती है। अपनी लौनी वह खेतों में ही ले लेते हैं। खलिहान में गेहूं पहुंचने के बाद उसे मड़ाई करने का कार्य किसान को खुद ही करना पड़ता था।

मैंने देखा तो नहीं बस सुना है कि 70 के दशक में लाक (पके और कटे हुए गेहूं) को खलिहान में गोलाकार फैला दिया जाता था और फिर उसके ऊपर बैल चलते थे, पीछे से किसान उन्हें हांकता रहता था। बैल के खुरों से धीरे-धीरे लॉक कटती जाती थी। फेरे में आने वाली लॉक के कट जाने के बाद किनारे पड़ी लाक को बैल के फेरे वाले रास्ते में रख दिया जाता था। अब यह लॉक भी धीरे-धीरे महीन होने लगती थी।

लॉक के पूरा महीन होने और भूसा बनने में महीनों लग जाते थे। भूसा बनने के बाद पांचा (भूसा समेटने या भरने का यंत्र जिसमें तीन डंडे होते थे) से इसे एक स्थान पर एकत्र करके फिर बोरी से बनी पल्ली में भर के इसे भुसैला में भर दिया जाता था। इस दौरान अगर इंद्रदेव कुपित हो गए, जरा सी भी बारिश हो गई तो यह समय और बढ़ जाता। कई बार ज्यादा बारिश होने पर खलिहान या खेत मे पूरी फसल ही नष्ट हो जाती थी।

इस दौरान बैल कभी गोबर करने की कोशिश करता तो उसे कुछ समय के लिए मंडनी से बाहर निकाल लिया जाता। अगर मंडनी में गोबर कर देता तो उतने स्थान की लॉक निकालकर बाहर रख दी जाती। सूख जाने पर गोबर हटाकर फिर उसे फिर मंडनी में डाल दिया जाता। गोबर से न भूसा अपवित्र होता था और न ही गेंहू।

80 के दशक में किसान बैलों के पीछे एक सरावनि (लकड़ी का मोटा पटरा) बांध देते थे। इससे बैल के खुरों से तो गेहूं की मड़ाई होती ही थी, साथ ही पीछे बंधे पटरे के कारण यह कार्य अपेक्षाकृत कुछ जल्दी हो जाता था। लेकिन इसमें भी महीनों लगते थे।

90 के शुरुआती दशक में कुछ बड़े किसानों के घरों में गेहूं की मड़ाई करने की एक मशीन आ गई थी। इस मशीन में नीचे चार दांतेदार पत्तियां लगी रहती थी और ऊपर एक आदमी के बैठने की जगह होती थी। इस मशीन में बैलों को आगे नाध दिया जाता था और वह मंडनी के ऊपर चलते थे। यह वाली मड़ाई मैंने खुद भी की है। इसमें बड़ा आनंद आता था। स्कूलों में गर्मी की छुट्टियां भी रहती थी इसलिए हम भागकर गांव जाते थे कि मशीन के ऊपर बैठने और बैल हांकने का मौका मिलेगा।

इस मशीन के आ जाने से मड़ाई का कार्य कुछ पक्षों में होने लगा था। 90 के ही उत्तरार्द्ध में थ्रेशर की एंट्री हो चुकी थी। अब डीजल इंजनों से चालित इन थ्रेशर से गेहूं की फसलों की मड़ाई का कार्य पहले की अपेक्षा बहुत कम समय में होने लगा था। इसे मेहनत और समय दोनों बचता था। अगर मौसम अनुकूल रहे, इंद्र देवता कुपित न हो तो मड़ाई का कार्य कुछ हफ्तों में हो जाता था।

बाद में बिजली थ्रेशर आए। फिर उनकी भी किलोवाट क्षमता बढ़ती गई। पहले 2, फिर पांच, फिर 10 किलोवाट वाले मोटर थ्रेशर को चलाने लगे। कुछ ही समय बाद ट्रैक्टर से चलने वाले बड़े-बड़े थ्रेशर आए जो कुछ ही घंटे में पूरी गेहूं की फसल की मड़ाई कर दिया करते थे। बस फसल को काटकर खलिहान तक लाना होता था। तत्पश्चात खेत मे ही ट्रैक्टर और थ्रेशर पहुंचने लगे। खेत मे ही गेंहू काटो, वहीं पर मड़ाई हो जाएगी।

ट्रेक्टर ट्रॉली से अनाज भी तुरत-फुरत घर या मंडी पहुंच जाएगा।
अब तो 5G आ गया है, प्रो मैक्स का जबाना है। ऐसी कंबाइन मशीन आई है जो खेत से ही फसल काट लेती है और गेहूं अलग कर देती है। किसान चाहे तो मशीन से नीचे बच गए गेहूं के पौधे का भूसा बनाने वाली मशीन भी आ गई है। अब इस कंबाइन मशीन से एक बीघे गेंहू की कटाई में मात्र 15 मिनट लगते हैं।

हो सकता है आगामी कुछ वर्षों में गेहूं की कटाई, मड़ाई और फसल को घर या मंडी पहुंचाने का कार्य दो मिनट में यानि मैगी बनने से पहले पूरा हो जाये। तब किसानों के पास समय ही समय होगा।
और
वे इस समय का सदुपयोग खेत, खलिहान में फ़ोटो सेशन कराने और रील बनाने के लिए कर सकते हैं।

ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे कोलकाता हिन्दी न्यूज चैनल पेज को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। एक्स (ट्विटर) पर @hindi_kolkata नाम से सर्च करफॉलो करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *