कोलकाता पहुंचे नवनियुक्त राज्यपाल सीवू आनंद बोस, बुधवार को शपथ ग्रहण

कोलकाता। पश्चिम बंगाल के नवनियुक्त राज्यपाल डॉक्टर सीवी आनंद बोस मंगलवार सुबह कोलकाता पहुंच गए हैं। दमदम हवाई अड्डे पर उनका स्वागत राज्य सरकार की ओर से मंत्री और मेयर फिरहाद हकीम ने किया है। इसके अलावा मंत्री शशि पांजा, मुख्य सचिव हरि कृष्ण द्विवेदी और कोलकाता पुलिस आयुक्त विनीत गोयल भी मौके पर मौजूद थे। हवाई अड्डे पर ही बोस को गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया जिसके बाद वह राजभवन पहुंचे हैं। यही बुधवार को शपथ ग्रहण होना है।

इसमें मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के अलावा विधानसभा अध्यक्ष विमान बनर्जी, नेता प्रतिपक्ष शुभेंदु अधिकारी सहित राज्य कैबिनेट के कई अन्य मंत्रियों के साथ शहर के गण्यमान्य लोग उपस्थित रहेंगे। कलकत्ता हाई कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश प्रकाश श्रीवास्तव नवनियुक्त राज्यपाल को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाएंगे। आनंद बोस भारतीय प्रशासनिक सेवा के 1977 बैच के केरल कैडर के सेवानिवृत्त अधिकारी हैं।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने उन्हें 17 नवंबर को पश्चिम बंगाल के नए राज्यपाल के रूप में नामित किया था। राज्य के निवर्तमान स्थायी राज्यपाल और वर्तमान में देश के उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ की जगह वह लेंगे। 2011 में सेवानिवृत्ति के बाद आनंद बोस कोलकाता में राष्ट्रीय संग्रहालय के प्रशासक के रूप में काम कर चुके हैं।

उनकी नियुक्ति की घोषणा के बाद मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने भी फोन कर उन्हें बंगाल में स्वागत बताया था और हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया था। राजभवन के साथ पश्चिम बंगाल सरकार का बर्ताव अमूमन टकराव वाला रहा है। ऐसे में नवनियुक्त राज्यपाल कैसा रुख अख्तियार करते हैं यह देखने वाली बात होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *