पांचवीं बार चैम्पियन बनी मुंबई इंडियंस, दिल्ली का सपना टूटा

नयी दिल्ली : आईपीएल के 13वें सीजन के फाइनल मुकाबले में रोहित शर्मा की फिफ्टी और ट्रेंट बोल्ट की घातक बोलिंग के दम पर मुंबई इंडियंस ने दिल्ली कैपिटल्स को 5 विकेट से हराते हुए इतिहास रच दिया। दिल्ली कैपिटल्स ने बोल्ट के झटकों से उबरते हुए कप्तान श्रेयस अय्यर और ऋषभ पंत की फिफ्टी की बदौलत 7 विकेट पर 156 रन बनाए। जवाब में मुंबई ने हिटमैन (51 गेंद, 5 चौके 4 छक्के, 68 रन) की कप्तानी पारी के दम पर लक्ष्य बेहद आसानी से पा लिया। इस जीत के साथ ही मुंबई इंडियंस ने टूर्नमेंट में खिताबी पंच जड़ दिया है। इससे पहले उसने 2013, 2015, 2017, 2019 में खिताब जीते थे।

बता दें कि मुंबई इंडियंस सबसे अधिक खिताब जीतने वाली टीम है। इस महामुकाबले में दिल्ली के कप्तान श्रेयस अय्यर ने टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने का फैसला किया, लेकिन टीम को पहली गेंद पर बड़ा झटका लगा। हालांकि, दिल्ली ने कप्तान श्रेयस अय्यर और रिषभ पंत के अर्धशतकों के दम पर निर्धारित 20 ओवर में 7 विकेट खोकर 156 रन बनाए और मुंबई के खिलाफ जीत के लिए 157 रन का सम्मानजनक स्कोर खड़ा किया।

बोल्ट पावर-प्ले में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज : एक सीजन में पावर-प्ले के दौरान सबसे ज्यादा विकेट लेने के मामले में ट्रेंट बोल्ट ने मिशेल जॉनसन के रिकॉर्ड की बराबरी की। दोनों ने पावर-प्ले में 16-16 विकेट लिए हैं। बोल्ट ने 36 ओवर किए, जिसमें 13.5 की स्ट्राइक रेट और 6.72 की इकोनॉमी से 16 बल्लेबाजों को आउट किया। जॉनसन ने 2013 सीजन में यह उपलब्धि हासिल की थी।

200 मैच खेलने वाले दूसरे खिलाड़ी बने रोहित 

रोहित शर्मा आईपीएल में 200 मैच खेलने वाले दूसरे खिलाड़ी बने। इससे पहले चेन्नई सुपर किंग्स के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी आईपीएल में 200 मैच खेल चुके। रोहित लीग में मुंबई इंडियंस के अलावा डेक्कन चार्जर्स से भी खेल चुके हैं। मुंबई के लिए रोहित का यह 155वां मैच है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *