मुकुल रॉय की पत्नी का चेन्नई के अस्पताल में निधन, लंबे समय से थीं बीमार

कोलकाता: हाल ही में बीजेपी से टीएमसी में शामिल हुए मुकुल रॉय की पत्नी का निधन हो गया। मुकुल की पत्नी कृष्णा रॉय का चेन्नई के एक अस्पताल में निधन हुआ। वह कुछ समय से बीमार थीं। वह करोना की चपेट में आ गई थीं। जिसके बाद से कई तरह की दिक्कतें थीं। उन्हें हाल ही में एयर एंबुलेंस से चेन्नई ले जाया गया था। वहीं कृष्णा रॉय का देहांत हो गया।

मुकुल की पत्नी कृष्णा रॉय को हाल ही में फेफड़े के प्रत्यारोपण के लिए चेन्नई ले जाया गया था। उन्हें पहले से ही कई तरह की शारीरिक समस्याएं थीं। इसी बीच कोरोना से खतरा बढ़ गया था। उनके फेफड़े सबसे ज्यादा प्रभावित हुए थे।

कृष्णा रॉय को कुछ दिन पहले कोलकाता में बाईपास के पास एक निजी अस्पताल में कोरोना होने के बाद भर्ती कराया गया था। वहां उनका कुछ समय से इलाज चल रहा था। लेकिन फेफड़ों की हालत इतनी खराब हो गई कि डॉक्टरों को इसे बदलने के अलावा कोई रास्ता नहीं सूझ रहा था। उसके बाद उन्हें चेन्नई ले जाने का फैसला किया गया।

17 जून को कृष्णा रॉय को एयर एंबुलेंस में चेन्नई ले जाया गया। एयर एम्बुलेंस में चिकित्सा सहायता प्रदान करने के लिए सभी सुविधाएं थीं। वहां दो पायलट डॉक्टर और एक अटेंडेंट समेत कुल सात लोग सवार थे। उनका चेन्नई में इलाज चल रहा था। वहीं उनकी मौत हो गई।

कोलकाता में इलाज के दौरान उन्हें एकमो सपोर्ट में रखना पड़ा। अस्पताल सूत्रों ने बताया कि फेफड़ों में फाइब्रोसिस पाया गया था। यदि स्थिति सामान्य नहीं है, तो फेफड़े का प्रत्यारोपण ही एकमात्र तरीका है। उस समय अभिषेक बनर्जी कृष्णा रॉय को देखने अस्पताल गए थे। ममता बनर्जी ने मुकुल रॉय के बेटे शुभ्रांशु रॉय से बात की थी। जिसके बाद ही रॉय परिवार के दो सदस्यों के टीएमसी में लौटने की अटकलें शुरू हो गईं थी। बाद में ऐसा ही हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *