भाजपा के 12 घंटे उत्तर बंगाल बंद का जिलों में मिलाजुला असर

सिलीगुड़ी के हासमी चौक पर बंद समर्थकों व पुलिस के बीच झड़प

सिलीगुड़ी। बंद के समर्थन में सिलीगुड़ी के हाशमी चौक में भारी तनाव। भाजपा कार्यकर्ताओं पर सरकारी बस में तोड़फोड़ करने का आरोप लगा है। पुलिस से धक्का-मुक्की में भिड़े भाजपा के 2 विधायक। उस क्षेत्र में तीव्र तनाव फैल गया। पता चला है कि सिलीगुड़ी के विधायक शंकर घोष, माटीगाड़ा नक्सलबाड़ी के विधायक आनंदमय बर्मन सहित भाजपा कार्यकर्ता शुक्रवार सुबह बंद का समर्थन करने के लिए सड़कों पर उतरे। उन्होंने जबरन वाहनों की आवाजाही व ट्रैफिक को रोकने की कोशिश की। उन्होंने एक सरकारी बस में भी तोड़फोड़ की। सड़क पर बैठकर रास्ता रोकने का प्रयास किया।

पुलिस ने उन्हें रोका तो वे पुलिस से भिड़ गए। पुलिस ने विधायक आनंदमय बर्मन ने जब मौके से ले जाने का प्रयास किया तो भाजपा कार्यकर्ताओं व समर्थकों ने पुलिस की गाड़ी के सामने लेटकर पुलिस की गाड़ी को रोक दिया। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करने के लिए कदम बढ़ाया और बैरिकेड्स लगा दिया। लेकिन भाजपा कार्यकर्ताओं ने बैरिकेड्स को पलट दिया। पल भर में उस इलाके में तनाव फैल गया। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए सिलीगुड़ी थाने का भारी पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को हल्का बल प्रयोग करते देखा गया।

जटेश्वर स्कूल बंद कराने पहुंचे भाजपाइयों को पुलिस ने हटाया

अलीपुरद्वार। कालियागंज कांड के विरोध में भाजपा द्वारा आहूत 12 घंटे के बंद का जटेश्वर में व्यापक असर दिखा। शुक्रवार सुबह से ही भाजपा के बंद समर्थक सड़क पर उतर आए हैं। इस दिन फालाकाटा ब्लॉक के जटेश्वर में बंद के समर्थक सड़कों पर उतर आए और दुकानें बंद करवा दी। भाजपा बंद समर्थकों ने सुबह जटेश्वर बस स्टैंड इलाके में बस को रोकने की कोशिश की तो पुलिस ने आकर बंद समर्थकों को हटाया।

पूरे जटेश्वर में पुलिस पेट्रोलिंग जारी है। हालांकि सुबह से दो या दो से अधिक सरकारी बसें चल रही थीं, लेकिन कोई निजी बस नजर नहीं आई। इस बीच, जटेश्वर हाई स्कूल खोलने को लेकर तनाव छा गया। पुलिस ने कई लोगों को गिरफ्तार किया। अप्रिय घटना से बचने के लिए प्रशासन ने सक्रिय भूमिका निभाई है।

जलपाईगुड़ी में 12 घंटे उत्तर बंगाल बंद का मिलाजुला असर

जलपाईगुड़ी। भाजपा के आहुत 12 घंटे उत्तर बंगाल बंद के तहत जलपाईगुड़ी में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए। नेताजी पाड़ा बस स्टैंड इलाके में बंद को लेकर भारी पुलिस बल मौजूद रही। शहर में रैफ व पुलिस पेट्रोलिंग जारी है। निजी बस स्टैंड का गेट तो बंद रहा लेकिन सरकारी बसों की आवाजाही सामान्य है। इस क्षेत्र में अभी तक बंद समर्थक नजर नहीं आए हैं। हालांकि रोज सुबह के इस समय खुल जाने वाली दुकानें आज बंद रही।

सरकारी बसों के चालकों को आज हेलमेट पहनकर बस चलाते देखा गया। दिन चढ़ने के साथ ही जिला भाजपा अध्यक्ष बापी गोस्वामी सहित भाजपा नेता और कार्यकर्ता सड़कों पर उतर आये। जलपाईगुड़ी शहर के कदमतला मोड़ पर बंद समर्थकों ने नारेबाजी करते हुए सरकारी बसों को रोक दिया। छोटे चार पहिया वाहन, टोटो को बंद समर्थकों द्वारा वापस लौटा दिया गया। हालांकि बंद को नजरअंदाज करते हुए सुबह के समय छात्र-छात्राएं सरकारी स्कूलों में प्रवेश करते देखे गए।

12 घंटे उत्तर बंगाल बंद के दौरान कालियागंज सुनसान

उत्तर दिनाजपुर। उत्तर दिनाजपुर के कलियागंज में भाजपा कार्यकर्ता की मौत का आरोप लगाते हुए प्रदेश भाजपा नेतृत्व ने शुक्रवार को 12 घंटे उत्तर बंगाल बंद का आह्वान किया है। उत्तर दिनाजपुर जिले में सुबह से ही उसका व्यापक प्रभाव देखा गया। सुबह से कोई भी निजी बस सड़क पर नहीं चलती दिखाई दी। इसी तरह इस जिले में जगह-जगह दुकानें और बाजार बंद रहे।

हालांकि निजी बसें सड़क पर नहीं चली लेकिन कुछ सरकारी बसें चलती दिखी। सुबह से ही जिले के विभिन्न हिस्सों में शहर में अन्य दिनों की तरह भीड़ नजर नहीं आई। इक्का-दुक्का वाहन ही चलते नजर आये। लेकिन सड़क पर सरकारी बसें चल रही थीं। हालांकि इस हड़ताल को लेकर किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए जगह-जगह रैफ के साथ भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।

बंद को लेकर कूचबिहार के घुघुमारी में तृणमूल – भाजपा में झड़प

कूचबिहार। कालियागंज कांड को लेकर भाजपा के 12 घंटे उत्तर बंगाल बंद का कूचबिहार में मिलाजुला सर देखा गया। सरकारी बसें चल रही हैं। कई निजी बसें, ऑटो, टोटो, सफारी सड़क पर नजर आईं। हालांकि अन्य दिनों की तुलना में सड़कों पर बसों की संख्या कम होने से यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। दुकानें बंद रही। कूचबिहार में बंद के समर्थन में भाजपा ने मार्च निकाला।

तुफानगंज विधानसभा क्षेत्र की विधायक मालती रावा राय जुलूस में शामिल हुई। बंद को लेकर इलाके अन्य दिनों की तुलना में सुनसान रहे। उत्तर बंगाल राज्य परिवहन निगम के कूचबिहार बस टर्मिनस को बंद करने की कोशिश करने पर भाजपा कार्यकर्ताओं को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। कूचबिहार के घुघुमारी इलाके में बंद का समर्थन कर रहे भाजपा कार्यकर्ताओं को पीटने का तृणमूल पर आरोप लगा। घटना को लेकर इलाके में काफी तनाव छा गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *