
कोलकाता : विधानसभा चुनाव 2021 में प्रचंड जीत के साथ सत्ता में आए तृणमूल कांग्रेस की नजर अब राष्ट्रीय राजनीति पर है। लोकसभा चुनाव 2024 के मद्देनजर तृणमूल कांग्रेस देश के कई अन्य राज्यों में अपनी पकड़ मजबूत करने के लिए काम शुरू कर दिया है। जो आज शहीद दिवस के मौके पर साफ-साफ दिखेगा।
लोकसभा चुनाव 2024 के मद्देनजर बुधवार यानी कि आज शहीद दिवस के मौके पर तृणमूल कांग्रेस की सुप्रीमो व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी कई राज्यों में एक साथ हुंकार भरेंगी। अब तक शहीद दिवस के मौके पर मुख्यमंत्री ममता बनर्जी केवल बंगाल के लोगों को ही संबोधित करती रही हैं। कोरोना महामारी के चलते पिछले वर्ष भी शहीद दिवस पर सीएम ममता ने बंगाल के लोगों को वर्चुअली ही संबोधित किया था।
इस साल भी वह वर्चुअली ही संबोधित करेंगी। हालांकि इस साल वह केवल बंगाल के लोगों को ही नहीं बल्कि देश के कई अन्य राज्यों की जनता को भी संबोधित करेंगी। यानी की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी का भाषण इस बार उत्तर प्रदेश और गुजरात समेत कई अन्य राज्यों में सुना जाएगा।
21 जुलाई के कार्यक्रम के 48 घंटे पहले टीएमसी ने आने वाले लोकसभा चुनाव के लिए अपना टैगलाइन ‘जादेर देश चाईछे’ का भी उद्घाटन किया। इसका मतलब है ‘जिसे देश चाहता है’।
खबरों के अनुसार, दोपहर 2 बजे फेसबुक पर ममता बनर्जी लाइव होकर वर्चुअल रैली को संबोधित करेंगी। संभावना है कि इस वर्चुअल रैली की जरिए ही वो 2021 विधानसभा चुनाव के अपने कैंपेन का आगाज करेंगी। बुधवार दोपहर ममता बनर्जी ने पार्टी नेताओं के साथ एक वर्चुअल मीटिंग की थी।