ईडी की गिरफ्तारी के खिलाफ हाई कोर्ट पहुंची माणिक की पत्नी सतरूपा

कोलकाता। पश्चिम बंगाल के बहुचर्चित शिक्षक नियुक्त भ्रष्टाचार मामले में गिरफ्तार प्राथमिक शिक्षा परिषद के पूर्व अध्यक्ष और तृणमूल कांग्रेस के विधायक माणिक भट्टाचार्य की पत्नी शतरूपा और बेटे सौविक गिरफ्तार हैं। ईडी ने दोनों को गिरफ्तार किया है। अब इसके खिलाफ शतरूपा ने हाईकोर्ट में याचिका लगाई है। शुक्रवार को जस्टिस विवेक चौधरी की बेंच में उनके मामले की सुनवाई होनी है। भर्ती भ्रष्टाचार मामले में माणिक की गिरफ्तारी के बाद ईडी द्वारा दाखिल पूरक आरोपपत्र में माणिक की पत्नी शतरूपा और बेटे शौविक को नामजद किया गया था।

उसके बाद शतरूपा और शौविक बुधवार को ईडी की विशेष अदालत में पेश हुए। दोनों ने कोर्ट में अग्रिम जमानत के लिए अर्जी दी थी। जज ने अर्जी खारिज कर दी। माणिक की पत्नी, बेटे की ओर से वकीलों ने कोर्ट में दावा किया कि उनके मुवक्किल समन के आधार पर खुद पेश हुए हैं। उन्हें गिरफ्तार नहीं करना पड़ा। वह भी जांच में सहयोग कर रहे हैं। वकील ने कोर्ट से कहा कि वे जमानत के लिए कोई भी शर्त मानने को तैयार हैं।

हालांकि केंद्रीय जांच एजेंसी ने शतरूपा और शौविक की जमानत का विरोध किया। ईडी ने कोर्ट को बताया कि माणिक के काम से जुड़ी जानकारी उसकी पत्नी को थी। भ्रष्टाचार में उनकी भी भूमिका हो सकती है। इसके अलावा ईडी का मानना है कि माणिक की पत्नी का एक संयुक्त खाता मरे हुए व्यक्ति के साथ है। उसमें करोड़ों का लेनदेन हुआ है इसलिए हिरासत में उनसे पूछताछ की जरूरत है। उसके बाद कोर्ट ने दोनों की जमानत खारिज कर दी। अब माणिक की पत्नी ने गिरफ्तारी और ईडी द्वारा दायर प्राथमिकी को खारिज करने को चुनौती देते हुए याचिका दाखिल करवाई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *