
कोलकाता। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री और तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी ने केंद्र सरकार पर राज्य की उपेक्षा का आरोप लगाया है। इसी के चलते ममता बनर्जी बुधवार और गुरुवार दो दिन धरने पर रहेंगी। ममता धर्मतल्ला इलाके में रेड रोड स्थित अंबेडकर की प्रतिमा के नीचे धरने पर बैठेंगी। धरनास्थल वाली जगह पर सुरक्षा का पुख़्ता इंतज़ाम किया गया है। बीते सप्ताह ओडिशा की निजी यात्रा पर जाने से पहले ममता ने इस बारे में बताया था। उनका कहना था कि केंद्र सरकार कई परियोजनाओं के मद में राज्य को पैसे नहीं दे रही है।
ममता ने आरोप लगाया था कि राजनीतिक बदले की भावना से केंद्रीय एजेंसियों का इस्तेमाल किया जा रहा है। इससे पहले चुनाव आयोग की ओर से चुनाव प्रचार पर 24 घंटे की पाबंदी के ख़िलाफ ममता बनर्जी 13 अप्रैल 2021 को भी कोलकाता में महात्मा गांधी की प्रतिमा के पास धरने पर बैठी थीं।
दूसरी ओर, तृणमूल कांग्रेस के कथित भ्रष्टाचार के विरोध में महानगर के श्याम बाजार इलाके में प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सुकांत मजूमदार और विपक्ष के नेता शुभेंदु अधिकारी भी आज दोपहर बाद धरने पर बैठेंगे। इस मौके पर पूर्व बीजेपी अध्यक्ष दिलीप घोष समेत पार्टी के कई नेता मौजूद रहेंगे।