बंगाल में आज सद्भावना रैली करेंगी ममता

Kolkata Hindi News, कोलकाता। आज यानी सोमवार को जब अयोध्या में श्री राम मंदिर में रामलाल की प्राण प्रतिष्ठा का भव्य कार्यक्रम का साक्षी पूरा देश बनेगा तब पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री ममता बनर्जी राज्य में सद्भावना रैली करने जा रही हैं।

इस रैली के जरिए वह कालीघाट मंदिर में पूजा पाठ के बाद मस्जिद में चादर चढ़ाएंगी और चर्च में प्रार्थना भी करेंगी। साथ ही कार्यक्रम में सभी धर्मों के पुजारियों को भी शामिल किया जाएगा। कोलकाता में रैली का नेतृत्व ममता करेंगी और स्कूटर पर सवार होकर मस्जिद में चादर चढ़ाएंगी।

तृणमूल कांग्रेस के एक नेता ने बताया कि सीएम आवास से थोड़ी दूरी पर हाजरा मोड़ से यह रैली शुरू होगी और पार्क सर्कस मैदान में जाकर खत्म होगी। रैली शुरू होने से पहले वह कालीघाट मंदिर में पूजा पाठ करेंगी। इसके बाद रैली का नेतृत्व करना शुरू करेंगी।

अपराह्न 3:30 हाजरा रोड होते हुए मुस्लिम बहुल क्षेत्र पार्क सर्कस इलाके में पहुंचेंगी। यहां हाजरा लॉ कॉलेज के पास मस्जिद में जाने के लिए ममता स्कूटर का सहारा लेंगी और यही चादर चढ़ाएंगी। उसके बाद फिर रैली में वापस आ जाएंगी। यही करीब में एक चर्च है। वहां भी जाकर वह प्रार्थना करेंगी।

मुख्य रैली मुस्लिम बहुल क्षेत्र पार्क सर्कस के मैदान में होनी है जहां ममता संबोधन भी करेंगी। सद्भावना रैली के जरिए मुख्यमंत्री ने सभी धर्मों को एक साथ लेकर चलने का संदेश देने की कोशिश की है। उन्होंने कहा है कि हम लोग मजहब के आधार पर भेदभाव में विश्वास नहीं करते।

इसलिए सद्भावना रैली का आयोजन कर रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा, ”हम सभी धर्मों की एकता का संदेश फैलाने के लिए रैली का आयोजन कर रहे हैं, क्योंकि अगले दिन नेताजी सुभाष चंद्र बोस की जयंती है।

तृणमूल कांग्रेस के राज्य अध्यक्ष सुब्रत बख्शी ने जिला स्तर के नेताओं से कहा है कि वे धार्मिक नेताओं की भागीदारी सुनिश्चित करें और उन्हें सभी रैलियों में पहली पंक्ति में रखें।

धार्मिक नेताओं से भी रैलियां समाप्त होने पर अपना संदेश देने के लिए कहा जाएगा। पार्टी के जिला अध्यक्षों और चेयरमैन को इस संबंध में लिखित निर्देश भेजे गए हैं और उन्हें इसे ब्लॉक स्तर के पार्टी नेताओं को बताने के लिए कहा गया है।

ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे कोलकाता हिन्दी न्यूज चैनल पेज को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। एक्स (ट्विटर) पर @hindi_kolkata नाम से सर्च कर, फॉलो करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *