ममता अपनी आलोचना नहीं सह सकतीं : अधीर

कोलकाता। कांग्रेस नेता और अधिवक्ता कौस्तव बागची की कोलकाता पुलिस के हाथों गिरफ्तारी को लेकर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष और लोकसभा में पार्टी के नेता अधीर रंजन चौधरी ने तीखा हमला बोला है। उन्होंने सूबे की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर असहिष्णु होने का आरोप लगाते हुए कहा है कि बनर्जी अपनी आलोचना नहीं सह सकतीं इसलिए तानाशाही रुख अख्तियार करते हुए गिरफ्तारी करवा रही हैं।

शुक्रवार सुबह उत्तर 24 परगना के बैरकपुर स्थित कौस्तव के घर कोलकाता पुलिस की बड़तला थाने की टीम पहुंची थी और उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया है। उनके खिलाफ दंगा भड़काने की कोशिश, महिला के सम्मान को ठेस पहुंचाने और हिंसा भड़काने के इरादे से काम करने की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उनकी गिरफ्तारी हुई है। इसे लेकर वरिष्ठ कांग्रेस नेता अधीर चौधरी ने कहा कि पूरी कांग्रेस कौस्तव के साथ खड़ी है।

हम लोग सड़कों पर उतर कर इसके खिलाफ विरोध प्रदर्शन करेंगे। ममता बनर्जी को अपनी आलोचना बर्दाश्त नहीं होती इसीलिए तानाशाही का रास्ता अख्तियार करती हैं। उल्लेखनीय है कि अपने खिलाफ लगी धाराओं को लेकर कौस्तव का पुलिस से जमकर विवाद हुआ। उसके बाद सुबह 8:00 बजे के करीब उन्हें बलपूर्वक पुलिस की टीम ले गई। आरोप है कि उन्हें परेशान किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *