लोकसभा चुनाव 2024 || विपक्षी दलों की बैठक शुरू, 15 से ज्यादा पार्टियां शामिल, गृहमंत्री ने कही ये बात

पटना। बिहार के पटना में विपक्षी एकता आगामी लोकसभा चुनाव में भाजपा से मुकाबले के लिए संयुक्त रणनीति बनाने के लिए विपक्षी नेताओं की बैठक पटना में शुरू हो गई है। बैठक में 15 से ज्यादा विपक्षी दल शामिल हैं। तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम के स्टालिन, ममता बनर्जी, अरविंद केजरीवाल, पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान, डी राजा, दीपांकर भट्टाचार्य और महबूबा मुफ्ती। राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे, NCP के शरद पवार और जम्मू-कश्मीर नेशनल कॉन्फ्रेंस के उमर अब्दुल्ला, सपा के अखिलेश यादव, शिवसेना के उद्धव ठाकरे, JMM के हेमंत सोरेन शुक्रवार को पटना पहुंचे।

बिहार से JDU से नीतीश कुमार और RJD से तेजस्वी यादव बैठक में शामिल हैं। बैठक में लालू यादव भी पहुंच गए हैं। विपक्षी दलों की बैठक पर अमित शाह का हमला कहा -आज पटना में एक फोटो सेशन चल रहा है। सारे विपक्ष के नेता एक मंच पर आ रहे हैं और संदेश देना चाहते हैं कि हम भाजपा और मोदी जी को चुनौती देंगे। मैं विपक्ष के नेताओं को कहना चाहता हूं कि कितने भी हाथ मिला लो आप एक साथ नहीं आ सकते हैं और आ भी गए तो 2024 में मोदी जी का 300 से ज्यादा सीटों के साथ आना तय है।

राहुल गाँधी ने कहा-मिलकर भाजपा को हराएंगे :

पटना में शुक्रवार को विपक्षी दलों की बैठक में भाग लेने पटना पहुंचे कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने कहा कि देश में दो विचारधाराओं के बीच लड़ाई है। कांग्रेस जहां देश जोड़ो की बात करती है, वहीं भाजपा और आरएसएस देश तोड़ने की बात करते हैं। पटना पहुंचने के बाद सीधे कांग्रेस के प्रदेश कार्यालय सदाकत आश्रम पहुंचे राहुल गांधी ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि कांग्रेस का डीएनए बिहार में है।

उन्होंने बिहार के लोगों को भारत जोड़ो यात्रा में मदद करने के लिए धन्यवाद दिया। उन्होंने जोर देकर कहा कि किसी भी राज्य में भारत जोड़ो यात्रा पहुंची हो बिहार के रहने वाले लोग साथ चले। उन्होंने कहा कि बिहार के लोग कांग्रेस की विचारधारा को मानते हैं और गहरे तरीके से समझते हैं। राहुल गांघी ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा नफरत और हिंसा फैलाने का काम करती है, जबकि कांग्रेस लोगों को जोड़ने का काम करती है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस का मानना है कि नफरत को नफरत नहीं बल्कि मुहब्बत ही काट सकती है, यही कारण है कि हम मुहब्बत की बात करते हैं। उन्होंने जोर देकर दावे के साथ कहा कि अगले लोकसभा चुनाव में विपक्ष मिलकर भाजपा को हराने जा रही है। उन्होंने कर्नाटक का उदाहरण देते हुए कहा कि भाजपा के लोगों ने वहां खूब भाषण दिए, कोने-कोने तक गए लेकिन नतीजा दिख गया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस जब साथ खड़ी हो जाती है तो भाजपा भाग जाती है।

उन्होंने आगे कहा कि कांग्रेस तेलंगाना, मध्य प्रदेश, राजस्थान और छत्तीसगढ भी जीतकर दिखाऐंगे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस गरीबों के साथ खड़ी है जबकि भाजपा दो से तीन लोगों को फायदा पहुंचाने का काम करती है। गांधी ने कांग्रेस के कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए कहा कि आप लोग कांग्रेस के बब्बर शेर हो, जो हमारी विचारधारा को लेकर लड़ते हो।
इससे पहले कांग्रेस के अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और राहुल गांधी के सदाकत आश्रम पहुंचने पर जोरदार स्वागत किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *