उत्तराखंड के उत्तरकाशी में भूस्खलन से 3 की मौत, दिल्ली में यमुना नदी का जलस्तर खतरे के निशान से ऊपर पहुंचा

नयी दिल्ली। उत्तराखंड के उत्तरकाशी में बारिश की वजह से हुए भूस्खलन में कम से कम तीन लोगों की मौत हो गई। समाचार एजेंसी के अनुसार, गंगोत्री नेशनल हाइवे पर बारिश के बाद भूस्खलन हुआ, जिसकी चपेट में कई गाड़ियां आ गईं। वहीं समाचार एजेंसी एएनआई के अनुसार, इस हादसे में चार लोगों की जान गई है और 10 घायल हुए हैं। फिलहाल मौके पर राहत और बचाव का काम जारी है।

लगातार जारी बारिश की वजह से उत्तरकाशी में भागीरथी नदी भी उफान पर है। कुछ दिन पहले ही नगालैंड में भी ऐसा ही मामला सामने आया था, जब चट्टान का एक हिस्सा गिरकर नीचे गिरा और उसकी चपेट में गाड़ी आ गई। इस हादसे का वीडियो भी सोशल मीडिया पर काफ़ी वायरल हुआ था।

दूसरी ओर, दिल्ली में यमुना नदी का जलस्तर सोमवार देर रात 206.04 एमएम तक पहुँच गया है। इसके बाद राजधानी में आज बाढ़ नियंत्रण विभाग ने बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। एएनआई ने बाढ़ नियंत्रण विभाग के ताज़ा बुलेटिन के हवाले से बताया है कि दिल्ली के पुराने रेलवे ब्रिज पर यमुना नदी का जलस्तर सोमवार रात को 206.4 एमएम दर्ज किया गया।

यमुना में पानी बढ़ने की वजह से किनारे से सटे इलाकों में रह रहे लोगों ने पास में ऊंची जगहों पर जाना शुरू कर दिया है। पड़ोसी राज्य हरियाणा की तरफ़ से हथिनीकुंड बैराज से छोड़े गए पानी की वजह से यमुना में लगातार जलस्तर बढ़ रहा है। दिल्ली सरकार के मंत्री सौरभ भारद्वाज ने कहा था कि 206  मीटर से ऊपर जलस्तर पहुंचने के बाद लोगों को दूसरी जगहों पर ले जाना शुरू कर दिया जाएगा। इससे पहले दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल ने कहा था कि राष्ट्रीय राजधानी में बाढ़ का कोई ख़तरा नहीं है।