कोलकाता: ललित झा के बयान से मिलाया जाएगा नीलाक्ष आइच के फोन के आंकड़े को

कोलकाता: संसद की सुरक्षा में चूक के मामले के मुख्य आरोपित ललित मोहन झा के कोलकाता स्थित ठिकाने पर शुक्रवार सुबह भी पुलिस की टीम पहुंची है। यहां घेराबंदी कर दी गई है ताकि सबूतों से छेड़छाड़ ना हो सके। बड़ाबाजार के जिस कमरे में वह रहता था उसे सील किया गया है। पश्चिम बंगाल पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि ललित झा के दोस्त निलाक्ष आइच से उत्तर 24 परगना जिले में पुलिस ने घंटों तक पूछताछ की।

अधिकारी ने बताया कि बैरकपुर पुलिस का एक दल गुरुवार रात को आइच के हालिसहर स्थित आवास पहुंचा और उससे उन दिनों के दौरान झा के साथ उसकी जान पहचान के बारे में पूछा जब आरोपी एक स्वयं सेवी संस्था के लिए काम करता था।अधिकारी ने बताया, ‘‘हमने झा के साथ उसकी दोस्ती के बारे में जानने के लिए उससे (आइच से) घंटों पूछताछ की। हमें दिल्ली पुलिस से इस बारे में जानकारी मिली थी।’’

पुलिस ने बताया कि पश्चिम बंगाल के एक कॉलेज में स्नातक के छात्र आइच को घटना के तुरंत बाद झा से संसद की सुरक्षा में चूक से जुड़ा का एक वीडियो मिला था। पुलिस अधिकारी ने शुक्रवार सुबह कहा, ‘‘हमने आइच के मोबाइल फोन की जांच की है और कुछ जानकारी एकत्र की है, जो हमारी जांच में महत्वपूर्ण हो सकती है।’’

दिल्ली पुलिस सूत्रों ने बताया कि संसद की सुरक्षा में चूक की घटना के मुख्य आरोपी झा को गुरुवार रात को गिरफ्तार कर लिया गया। झा एक व्यक्ति के साथ राष्ट्रीय राजधानी के कर्तव्य पथ पुलिस थाना पहुंचा जहां उसे विशेष शाखा को सौंप दिया गया।

नयी दिल्ली में 2001 में संसद पर हुये घातक आतंकवादी हमले की बरसी के दिन ही बुधवार को गंभीर सुरक्षा चूक हुई। दो लोग बुधवार को दर्शक दीर्घा से सदन के भीतर कूद गए और उन्होंने केन के जरिये पीले रंग का धुआं फैलाया, जिससे सदन में दहशत फैल गई। घटना के तत्काल बाद दोनों को पकड़ लिया गया।

ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे कोलकाता हिन्दी न्यूज चैनल पेज को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। एक्स (ट्विटर) पर @hindi_kolkata नाम से सर्च कर, फॉलो करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *