कोलकाता नगर निगम चुनाव : गड़बड़ी के आरोप में 72 गिरफ्तार, शाम 5 बजे तक 64 फीसदी मतदान

कोलकाता। कोलकाता नगर निगम (केएमसी) चुनाव को लेकर प्रशासनिक इंतजाम काफी कड़े किए गए थे। नगर निगम के 144 वार्डों में चुनाव के लिए वोटिंग की प्रक्रिया सुबह 7.30 बजे शुरू हुई। शाम 5 बजे तक करीब 64 फीसदी मतदान रिकॉर्ड किए जाने की जानकारी मिली है। वहीं, कानून व्यवस्थ की स्थिति को बनाए रखने के लिए पुलिस ने 72 लोगों को हिरासत में लिया है। राज्य निर्वाचन आयोग ने कुल मिलाकर चुनाव के शांतिपूर्ण रहने का दावा किया है।

चुनाव के दौरान छिटपुट हिंसा की रिपोर्ट सामने आ रही है। मानिकतला के खन्ना में बम बरामद होने की सूचना मिली है। नगर निगम के 144 वार्डों में विभिन्न दलों के 950 और निर्दलीय 378 उम्मीदवार चुनावी मैदान में किस्मत आजमा रहे हैं। निगम चुनाव के लिए 4959 मतदान केंद्र बनाए गए। 786 संवेदनशील मतदान केंद्रों पर सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त किए गए थे। चुनाव का परिणाम 21 दिसंबर को आएगा।

निगम चुनाव के दौरान सियालदह इाके में कथित तौर पर बम फेंकने के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। वरिष्ठ पुलिस पदाधिकारी ने इसकी पुष्टि की है। बम फेंके जाने की इस घटना में तीन मतदाता घायल हो गए, जिनमें से एक व्यक्ति की हालत गंभीर बताई जा रही है।

संयुक्त पुलिस आयुक्त (मुख्यालय) शुभंकर सिन्हा सरकार ने कहा कि शहर में जारी निकाय चुनाव के दौरान कानून-व्यवस्था को बिगाड़ने के आरोप में अब तक 72 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। बम फेंकने के मामले में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। घटना में शामिल अन्य लोगों की पहचान कर ली गई है और उन्हें भी जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

निगम चुनाव के दौरान बम फेंकने की घटना ने सनसनी मचा दी। वार्ड संख्या 36 में टाकी स्कूल के सामने देसी बम फेंके जाने का मामला सामने आया है। इसमें क्षेत्र के तीन मतदाता घायल हो गए। इलाके में बड़ी संख्या में पुलिस बल को तैनात किया गया है और राज्य निर्वाचन आयोग ने इस मामले में पुलिस से रिपोर्ट मांगी है। ज्वाइंट सीपी सरकार ने बताया कि हरे स्ट्रीट पर दो उम्मीदवारों के बीच झगड़े के मामले में चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने कहा कि घटना के बाद मतदान केंद्र पर शांतिपूर्ण तरीके से मतदान हुआ है। साथ ही, उन्होंने एक पुलिसकर्मी के घायल होने की खबरों को खारिज कर दिया।

राज्यपाल ने ट्वीट में कहा कि विधानसभा में विपक्ष के नेता सुवेंदु अधिकारी ने उन्हें सूचना दी है कि साल्टलेक के उनके आवास को पुलिस ने पूरी तरह से बंद कर दिया है। वहां भाजपा के 20 विधायक मौजूद हैं। राज्य के कुछ नेता भी वहां मौजूद हैं। हालांकि, तृणमूल कांग्रेस ने चुनाव में किसी प्रकार की धांधली से इंकार किया। टीएमसी महासचिव पार्थ चटर्जी ने कहा कि निगम चुनाव ने साबित किया है कि कोलकाता रहने के लिहाज से सुरक्षित शहर बन गया है। यह सीएम ममता बनर्जी की जीत की यात्रा को आगे ले जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *