संसद हमले का कोलकाता कनेक्शन, प्रदर्शनकारियों ने वीडियो बनाकर कोलकाता के व्यक्ति को भेजा

कोलकाता। संसद की सुरक्षा में चूक मामले का आखिरकार कोलकाता कनेक्शन सामने आया है। विरोध प्रदर्शन के दौरान आरोपितों में से एक ललित झा ने संसद के बाहर दो आरोपितों द्वारा किए गए पूरे विरोध-प्रदर्शन का वीडियो शूट किया था और इसे कोलकाता के एक व्यक्ति के साथ साझा किया था। वह एक एनजीओ (सामोवादी सुभाष) से जुड़ा है। उसका दफ्तर कोलकाता के बड़ाबाजार इलाके में है जो बंद है। जांच से जुड़े एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।

हालांकि, झा फरार है और उसके राजस्थान या हरियाणा में होने का संदेह है। कई टीमें उसकी तलाश कर रही हैं। वह पेशे से एक शिक्षक है। सूत्रों ने कहा, संसद के बाहर और अंदर पकड़े गए चारों आरोपितों ने अपने मोबाइल फोन बिहार के रहने वाले ललित झा को सौंप दिए थे। वह संसद के बाहर भी मौजूद था और जब उसके साथियों को पकड़ा गया तो वह फोन वाला बैग लेकर भाग गया।

ऐसा प्रतीत होता है कि उसे भी किसी अन्य व्यक्ति से फोन लेकर भागने के निर्देश मिले थे।’ सूत्रों ने कहा, झा ने संसद के बाहर वीडियो शूट किया था और इसे नीलाक्ष आइच के साथ साझा किया था, जो अब पुलिस के रडार पर है। आइच कोलकाता का रहने वाला है। सूत्रों ने कहा, ”हमने इससे जुड़े सबूत भी जुटाए हैं।”

नीलाक्ष आइच एक कॉलेज में द्वितीय वर्ष का छात्र है। जांच से जुड़े सूत्रों ने हिन्दुस्थान समाचार को बताया कि संसद की सुरक्षा में सेंध लगाने में शामिल छह आरोपिक फेसबुक पर ‘भगत सिंह फैन क्लब’ पेज के माध्यम से जुड़े हुए थे, जांचकर्ताओं को संदेह है कि उन्हें घटना के पहले और घटना के दौरान किसी के द्वारा निर्देशित किया जा रहा था।

गिरफ्तार किए गए चारों आरोपितों की पहचान मैसूरु निवासी मनोरंजन डी, लखनऊ निवासी सागर शर्मा, हरियाणा के जिंद निवासी नीलम और महाराष्ट्र के लातूर निवासी अमोल शिंदे के रूप में हुई है। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल फिलहाल विक्रम और उसकी पत्नी राखी से पूछताछ कर रही है क्योंकि चारों आरोपित घटना से एक दिन पहले गुरुग्राम के सेक्टर-7 स्थित उनके घर पर रुके थे।

छठा आरोपित ललित झा फरार है। प्रारंभिक जांच के अनुसार, यह भी पता चला कि मनोरंजन और शर्मा के पास 45 मिनट के लिए लोकसभा की दर्शक दीर्घा के आगंतुक पास थे लेकिन वे करीब दो घंटे तक दर्शक दीर्घा में रहे। दोनों ने दर्शक दीर्घा से कूद कर लोकसभा हॉल में प्रवेश किया था।

कर्नाटक के इंजीनियरिंग छात्र मनोरंजन और शर्मा ने कर्नाटक के मैसूरु से भाजपा सांसद प्रताप सिम्हा के हस्ताक्षर पर अपने आगंतुक पास जारी कराए थे। नीलम और शिंदे संसद के बाहर रंगीन फ़्लेयर के साथ विरोध-प्रदर्शन कर रहे थे। दिल्ली पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया।

ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे कोलकाता हिन्दी न्यूज चैनल पेज को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। एक्स (ट्विटर) पर @hindi_kolkata नाम से सर्च कर, फॉलो करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *