#Kolkata : कार पर नीली बत्ती, सीबीआई का स्टीकर, एक और फर्जी अधिकारी गिरफ्तार

कोलकाता : फर्जी वैक्सीन कांड में गिरफ्तार देबांजन देब के बाद एक के बाद एक फर्जी अधिकारियों के गिरफ्तारी का सिलसिला जारी है। इसी कड़ी में एक और फर्जी अधिकारी गिरफ्तार हुआ है। आरोप है कि या फर्जी अधिकारी नीली बत्ती वाली कार पर सीबीआई का स्टीकर लगाकर चलता था। इस पर धोखाधड़ी के आरोप हैं। अभियुक्त का नाम सनातन राय चौधरी बताया जा रहा है। गड़ियाहाट थाने की पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार सनातन अपना परिचय पश्चिम बंगाल के स्थाई परिषद के अधिकारी के रूप में देता था। वह एक नीली बत्ती वाली कार से घूमता था। बता दें कि देबांजन देब की घटना के बाद पुलिस ने शहर में नीली बत्ती वाले वाहनों पर निगरानी बढ़ा दी है।

हर तरफ चेकिंग चल रही है। नीली बत्ती वाली कार दिखते ही उसे रोककर पूछताछ की जा रही है। उधर सनातन की गिरफ्तारी के बाद पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि इस नीली बत्ती वाली कार से घूमने से उसे क्या लाभ हुआ है। क्या वह अन्य फर्जी अधिकारियों की तरह धोखाधड़ी में शामिल है या नहीं।

जानकारी के अनुसार पूछताछ में उसने अपना परिचय एक उच्च अधिकारी के रूप में बताया। लेकिन कोई उचित कागज नहीं दिखा पाया। पूछताछ में विसंगतियां मिलने पर पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।

गौरतलब हो कि पिछले सप्ताह ही पुलिस ने केंद्रीय सतर्कता आयुक्त का परिचय देने वाले एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया था। मोहम्मद सादिक नाम के व्यक्ति को बेनियापुकुर से गिरफ्तार किया गया था। चेकिंग के दौरान पुलिस अधिकारियों ने बेनियापुकुर थाना क्षेत्र में उसकी गाड़ी को रोका था। उसकी गाड़ी में नीली बत्ती और वीआईपी पार्किंग थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *