इंडिया गठबंधन || पंजाब में सभी सीटों पर पंजाब में उतरेगी “आप”

Loksabha Election India Vs Modi, नयी दिल्ली। जिस तरह तृणमूल कांग्रेस पश्चिम बंगाल में सीटों को लेकर अपना पक्ष साफ कर दिया है उसी तरह से पंजाब में भी आम आदमी पार्टी ने नई घोषणा की है, जिसके बाद इंडिया गठबंधन में सीट शेयरिंग की बात मजाक लग रही है। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने बृहस्पतिवार को दावा किया कि आम आदमी पार्टी (आप) राज्य की सभी 13 लोकसभा सीट जीतेगी और विपक्षी दल अपना खाता नहीं खोल सकेंगे।

यानी आम आदमी पार्टी पंजाब में सभी 13 सीटों पर चुनाव लड़ने के लिए तैयार है। बता दें कि ये बयान भगवंत मान ने तब दिया जब वो 14 पुस्तकालयों का लोकार्पण करने के बाद एक सभा को संबोधित कर रहे थे। भगवंत मान ने इस दौरान विपक्षी राजनीतिक दलों पर निशाना भी साधा है।

उन्होंने कहा कि विपक्षी पार्टियों के भ्रष्ट नेताओं से जनता बहुत तंग आ चुकी है। लोगों का आप पर भरोसा है जिसकी बदौलत पार्टी आगामी आम चुनाव में राज्य की सभी सीट पर जीत हासिल करेगी। उन्होंने कहा, लोगों ने आगामी लोकसभा चुनाव में राज्य की सभी 13 सीट आप को देने का मन बना लिया है।

भारतीय जनता पार्टी नीत केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए मान ने आरोप लगाा कि उसने मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना रोकने के लिए राज्य को ट्रेन नहीं दी। उन्होंने कहा कि अग्रिम भुगतान कर देने के बाद भी सात और 15 दिसंबर को निर्धारित ट्रेन पंजाब को नहीं मिलीं। मुख्यमंत्री ने गणतंत्र दिवस परेड में राज्य की झांकी को शामिल नहीं किए जाने का आरोप लगाते हुए केंद्र की आलोचना की।

उन्होंने कहा कि केंद्र ने राज्य की झांकी को शामिल नहीं कर भगत सिंह, राजगुरु, सुखदेव, लाला लाजपत राय, उधम सिंह, करतार सिंह सराभा, माई भागो और अन्य महान शहीदों का अपमान किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार गणतंत्र दिवस परेड में उनकी झांकी को शामिल नहीं करके इन नायकों के योगदान और बलिदान को कमतर करने की कोशिश कर रही है।

ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे कोलकाता हिन्दी न्यूज चैनल पेज को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। एक्स (ट्विटर) पर @hindi_kolkata नाम से सर्च कर, फॉलो करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *