आयकर विभाग ने बंगाल के विधायक कृष्ण कल्याणी से जुड़े परिसरों पर छापे मारे

कोलकाता: आयकर विभाग के अधिकारियों ने पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के टिकट से जीतने और बाद में तृणमूल कांग्रेस का वापस दामन थाम लेने वाले कृष्ण कल्याणी के आवास सहित विभिन्न परिसरों पर बुधवार को छापे मारे। आयकर विभाग के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि ये छापे विधायक के खिलाफ ‘आय के ज्ञात स्रोतों से अधिक संपत्ति अर्जित करने’ की शिकायतों से जुड़े हैं। वह राज्य विधानसभा में लोक लेखा समिति (पीएसी) के अध्यक्ष भी हैं।

ये छापे पश्चिम बंगाल के उत्तर दिनाजपुर जिले के रायगंज में कल्याणी के आवास पर तथा उनके कारोबारी साझेदार के मालदा जिला स्थित आवास पर मारे गए। आयकर विभाग के अधिकारी ने बताया, ‘‘हमारी टीम कृष्ण कल्याणी के विभिन्न ठिकानों तथा उनके एक कारोबारी साझेदार से जुड़े परिसरों पर छापे मार रही है। ये छापे आय के ज्ञात स्रोतों से अधिक संपत्ति अर्जित करने की शिकायत से जुड़े हैं।’’

कल्याणी उत्तर दिनाजपुर से तृणमूल कांग्रेस के नेता हैं। विधानसभा चुनाव से पहले 2021 में वह भाजपा में शामिल हो गए थे और रायगंज सीट से जीते थे, हालांकि उसी वर्ष अक्टूबर में वह भाजपा छोड़कर तृणमूल में वापस आ गए थे। भाजपा की मांग के बावजूद उन्होंने विधायक पद से इस्तीफा नहीं दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *