
टोक्यो : जापान में मोबाइल देखते हुए चलने से हो रही दुर्घटनाओं से सहमी सरकार ने इस पर कानून बनाने की तैयारी शुरू कर दी है। इस कानून को पहले चरण में ट्रायल के लिए मध्य जापान के यामातो शहर में लागू किया जाएगा। जापान में शहर के लिए पार्षदों को कानून बनाने का अधिकार है।
इस कानून को लेकर यामातो के सिटी काउंसिल में चर्चा भी चल रही है। सोरा न्यूज 24 के अनुसार, शहर प्रशासन ने यह कानून एक ताजा शोध के बाद लागू करने का फैसला किया है। इस शोध में यामातो के दो रेलवे स्टेशनों पर 6000 लोगों का अध्ययन किया गया, जिसमें से अधिकतर पैदल चलने के दौरान मोबाइल का प्रयोग करते दिखे।
शोध में दावा किया गया है कि मोबाइल देखते हुए चलने के कारण लोगों को चोटें भी आई हैं। जून के मध्य में यामातो के सिटी काउंसिल में इस बिल पर वोटिंग की संभावना है। अगर यह बिल कानून का रूप अख्तियार कर लेता है तब यामाटो फोन को देखते हुए चलने पर प्रतिबंध लगाने वाला जापान का पहला शहर बन जाएगा। अगर यह प्रयोग सफल रहा तो इसे पूरे जापान में लागू करने पर भी विचार किया जा सकता है। नए कानून को 1 जुलाई से लागू किया जा सकता है।