
कोलकाता। पश्चिम बंगाल सरकार के मंत्री उदयन गुहा ने गुरुवार को कथित रूप से यह बयान देकर विवाद खड़ा कर दिया कि तृणमूल कांग्रेस कार्यकर्ता 2024 के लोकसभा चुनाव में पार्टी को जीत दिलाने के बाद केंद्रीय मंत्री निसीथ प्रमाणिक की ‘मूंछ और दाढ़ी नोंच लें’। राज्य के उत्तर बंगाल विकास मंत्री गुहा ने कथित तौर पर दावा किया कि आम चुनावों से पहले तृणमूल कांग्रेस को अगले साल होने वाले पंचायत चुनाव में जबरदस्त जीत हासिल होगी। दिनहाटा विधानसभा क्षेत्र की कूटी ग्राम पंचायत में हुई कथित बैठक का वीडियो बृहस्पतिवार को सोशल मीडिया पर आया। गुहा दिनहाटा से विधायक हैं।
गुहा को बुधवार को पार्टी कार्यकर्ताओं की बैठक में कथित रूप से कहते सुना गया कि प्रमाणिक ने अपने मतदाताओं की अनदेखी की है और जब अगले लोकसभा चुनाव में वह हार जाएं तो ‘जनता को उनके साथ वही बर्ताव करना चाहिए जिसके वह हकदार हैं’।उन्होंने कथित रूप से कहा कि केंद्रीय मंत्री ने 2019 के लोकसभा चुनाव में कूचबिहार सीट से चुनाव जीतने के बाद से कभी इलाके में कदम भी नहीं रखा है।
वह कहते सुने जा सकते हैं, ‘‘निसीथ प्रमाणिक कभी आपकी फिक्र नहीं करेंगे। उन्होंने कूचबिहार से 2019 का लोकसभा चुनाव जीतने के बाद मतदाताओं के विश्वास के अनुरूप व्यवहार नहीं किया। अब जिले में 2023 के पंचायत चुनाव में जबरदस्त बहुमत दिलाने में मदद करें। इससे 2024 के लोकसभा चुनाव में प्रमाणिक को बाहर का रास्ता दिखाया जा सकेगा। इसके बाद उनकी दाढ़ी और मूंछ नोंचने के बारे में सोचिए।’’
कथित बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता सामिक भट्टाचार्य ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘उदयन गुहा जैसे तृणमूल कांग्रेस नेताओं को पैरों तले जमीन खिसकती दिख रही है और इसलिए वे इस तरह के घटिया, बेबुनियाद और मूर्खतापूर्ण बयान दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि बंगाल की जनता पंचायत और लोकसभा चुनाव में तृणमूल कांग्रेस को मुंहतोड़ जवाब देगी। तृणमूल कांग्रेस प्रवक्ता जयप्रकाश मजूमदार ने कहा, ‘‘यह केवल बयानबाजी है क्योंकि उदयन गुहा की मंशा कूचबिहार जिले में प्रमाणिक के लोगों के आतंक के बीच तृणमूल कांग्रेस कार्यकर्ताओं और आम लोगों के साथ खड़े रहने की तथा पंचायत चुनाव से पहले भाजपा से दो-दो हाथ की है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘हालांकि उनका (गुहा का) कहने का अंदाज अलग हो सकता था।’ ’गुहा ने नवंबर 2021 में दिनहाटा विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव में जीत हासिल की थी। इससे पहले उसी साल हुए राज्य विधानसभा चुनाव में वह प्रमाणिक से इस सीट पर हार गये थे। केंद्रीय गृह, युवा और खेल मामलों के राज्य मंत्री बनाये जाने के बाद प्रमाणिक ने सीट खाली कर दी थी और उपचुनाव हुआ। प्रमाणिक 2019 में लोकसभा चुनाव से पहले तृणमूल कांग्रेस से भाजपा में शामिल हुए थे। गुहा के कथित बयान पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी।