कोलकाता में डेंगू से आठवीं कक्षा की छात्रा की मौत

कोलकाता। पश्चिम बंगाल में डेंगू की स्थिति बद से बदतर होती जा रही है। एक बार फिर डेंगू के कारण 14 वर्षीय छात्रा की मौत हो गई है। मृतका का नाम भार्गवी मंडल है। भार्गवी वार्ड नंबर 105 हलतुर जादवगढ़ की रहने वाली हैं। वह आठवीं कक्षा की छात्रा थी। पारिवारिक सूत्रों ने बताया कि गुरुवार को छात्रा के ट्यूशन से घर लौटने के बाद उसके सिर में तेज दर्द होने लगा। छात्रा के शरीर का तापमान बढ़कर 104-105 डिग्री हो गया। उसके परिजन बच्ची को स्थानीय चिकित्सक के पास ले गए।

वहां किशोरी के खून की जांच की गई और डेंगू का पता चला। उसके बाद बच्ची की हालत बिगड़ने पर उसके परिजन उसे एमआर बांगुर अस्पताल ले गए। परिवार के सदस्यों का आरोप है कि डॉक्टरों ने कुछ दवाएं लिखीं और अस्पताल में बेड नहीं होने की बात कहकर भार्गवी को घर भेज दिया। सुबह उसकी तबीयत फिर बिगड़ने लगी। दोपहर में उसे अस्पताल ले जाया गया।

तब भी डॉक्टरों ने बेड नहीं होने की वजह से किशोरी को वापस करने की बात कही लेकिन परिजनों की गुहार पर अस्पताल के अधिकारियों ने भार्गवी को भर्ती कराया। इसके बाद बच्ची की मौत हो गई। डॉक्टरों ने परिवार को बताया कि डेंगू ने भार्गवी के लीवर और शरीर के अन्य अंगों को प्रभावित किया है। परिवार का आरोप है कि अगर अस्पताल उन्हें नहीं लौटाया होता तो उनकी बेटी को बचाया जा सकता था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *