दिलीप घोष का दावा || 2024 के लोकसभा चुनाव में तृणमूल से एक दर्जन सीटें छीनेगी पार्टी

कोलकाता। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष दिलीप घोष ने सोमवार को दावा किया है कि 2024 के लोकसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी तृणमूल कांग्रेस से एक दर्जन अधिक सीटें छीन लेगी। न्यू टाउन के इको पार्क में मॉर्निंग वॉक करने पहुंचे दिलीप घोष ने मीडिया से बातचीत के दौरान बताया कि पहले के मुकाबले भारतीय जनता पार्टी की सांगठनिक ताकत बढ़ी है। 2018 के लोकसभा चुनाव में जहां पार्टी केवल 21 हजार सीटों पर चुनाव लड़ पाई थी वहीं इस बार 47 हजार उम्मीदवार चुनावी मैदान में थे।

बड़ी संख्या में ग्राम पंचायत की सीटें भी भाजपा ने जीती है। उन्होंने कहा कि 10 जुलाई को 696 मतदान केंद्रों पर पुनर्मतदान हुआ था जिनमें से 650 पर विपक्षी उम्मीदवारों की जीत हुई है। जाहिर सी बात है तृणमूल कांग्रेस ने इस बार पंचायत चुनाव को हिंसा और लूटपाट के बल पर जीता है। यह हमेशा नहीं चलेगा।

अभिषेक बनर्जी सहित तृणमूल के अन्य नेताओं की ओर से हाईकोर्ट पर सवाल खड़े किए जाने को लेकर उन्होंने कहा कि तृणमूल के नेता हर तरह के भ्रष्टाचार में शामिल हैं। खासतौर पर अभिषेक बनर्जी पर हमला बोलते हुए उन्होंने कहा कि हर बार उन्हें कोर्ट से फटकार और निराशा मिल रही है। इसलिए अब कोर्ट पर हमलावर हो गए हैं। यह सत्ता का नशा है। वक्त के साथ इसका जवाब मिलेगा।

इसके अलावा फ्रांस के साथ भारत के जहाज बनाने के करार को लेकर उन्होंने कहा कि कोलकाता के गार्डनरीच में जहाज बनाने पर सहमति बनी है। यह भारत के मजबूत होते कदमों की निशानी है। उन्होंने कहा कि भारत में लेबर सस्ता हैं, लोग दक्ष हैं, अनुकूल परिवेश है, विद्युत यातायात हर चीज की सुविधा है। हमारे वैज्ञानिक बेहद दक्ष हैं। इसलिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत पर पूरी दुनिया भरोसा कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *