भाजपा सांसद सौमित्र खान ने पर्यवेक्षक पद से दिया इस्तीफा

कोलकाता। पश्चिम बंगाल के विष्णुपुर से भाजपा सांसद और युवा मोर्चा के पूर्व अध्यक्ष सौमित्र खान ने पर्यवेक्षक पद से इस्तीफा दे दिया है। आगामी पंचायत और लोकसभा चुनाव को देखते हुए सोमवार को राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने बंगाल में भाजपा को मजबूत बनाने के लिए कोर टीम का ऐलान किया था। माना जा रहा है कि इस टीम में जगह नहीं मिलने से नाराज सांसद ने पर्यवेक्षक पद से इस्तीफा दिया। सूत्रों के मुताबिक, कोर टीम में जगह नहीं मिलने से सौमित्र खान नाराज बताए जा रहे हैं।

उन्होंने राज्य के राढ़ बंग जोन के पर्यवेक्षक पद से इस्तीफा दे दिया। उन्होंने अपना इस्तीफा प्रदेश अध्यक्ष सुकांत मजूमदार को भेजा। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सुकांत मजूमदार ने खान के इस्तीफे की पुष्टि करते हुए कहा, ‘पारिवारिक समस्या और अपने क्षेत्र में काम के कारण खान ने पर्यवेक्षक पद से इस्तीफा दिया है। वहीं, सौमित्र खान ने इस्तीफे के संबंध में कुछ नहीं कहा है।

बता दें कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने बंगाल में 24 सदस्यीय कोर कमेटी का किया गया है। इसमें पहली बार फिल्म स्टार सह नेता मिथुन चक्रवर्ती को शामिल किया गया है, लेकिन इसके साथ ही बंगाल बीजेपी की तीन तेजतर्रार महिला नेताओं को अहम जिम्मेदारी दी गई हैं और ये महिलाएं सीएम ममता बनर्जी को चुनौती देंगी। भाजपा ने सोमवार को कोर कमेटी की घोषणा के साथ-साथ सात मोर्चा के प्रभारियों के नामों का ऐलान किया था। सात मोर्चों में से तीन मोर्चा प्रभारी महिलाएं हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *