किसानों के मुद्दे पर भाजपा ने नवान्न अभियान का किया ऐलान, सिंगुर में शुरू हुआ 3 दिवसीय धरना

कोलकाता : बंगाल भाजपा ने किसानों की मांगों को लेकर पश्चिम बंगाल में ममता सरकार को घेरना शुरू किया है। बंगाल भाजपा किसान मोर्चा के तत्वावधान में मंगलवार को सिंगुर में तीन दिवसीय धरना शुरू हुआ है। किसानों के मुद्दे को लेकर ममता सरकार पर भाजपा ने बोला हमला, नवान्न अभियान का किया ऐलान, सिंगुर में शुरू हुआ 3 दिवसीय धरना। साल 2006 में ममता बनर्जी के सिंगुर आंदोलन के बाद अब भाजपा ने सिंगुर को लेकर ममता पर हमला बोलना शुरू किया है। बंगाल भाजपा ने किसानों के मुद्दे को लेकर सिंगुर में तीन दिवसीय धरना शुरू किया है।

भारतीय जनता किसान मोर्चा के बैनर तले सिंगुर में किसानों की विभिन्न मांगों को लेकर तीन दिवसीय धरना शुरू हुआ है। यह धरना 14 दिसंबर से 16 दिसंबर तक चलेगा। मंगलवार को बंगाल भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सुकांत मजूमदार, भाजपा के अखिल भारतीय उपाध्यक्ष दिलीप घोष, विधानसभा में विरोधी दल के नेता शुभेंदु अधिकारी ने बंगाल में किसानों की स्थिति को लेकर ममता सरकार पर जमकर हमला बोला और किसानों की मांगों को लेकर उदासीन रवैया अपनाने का आरोप लगाते हुए नबान्न अभियान करने का ऐलान किया है।

भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष दिलीप घोष ने कहा कि मोदी सरकार ने पेट्रोल की कीमत में कटौती की, लेकिन बंगाल में ममता बनर्जी ने इसे लागू नहीं किया। ममता बनर्जी का मन यहां नहीं लगा रह रहा है। इसलिए वह भारत में अलग-अलग जगहों पर जा रही हैं। यहां के किसानों को सबसे ज्यादा बिजली के दाम चुकाने पड़ते हैं। दूसरे राज्यों के लिए अरबों रुपये खर्च किए जा रहे हैं। यहां से लोगों को किराए पर लेकर दूसरे राज्यों में ले जाया जा रहा है।

विधानसभा में विरोधी दल के नेता शुभेंदु अधिकारी ने ममता बनर्जी सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि यहां पर कार्यक्रम करने में कई लोगों द्वारा बाधित किया गया है। चुनाव के बाद सत्तारूढ़ दल ने भाजपा समर्थित किसानों पर हमला बोला है। खाद की कालाबाजारी हो रही है। आलू किसान संकट में है। तृणमूल नेताओं ने कटमनी खाकर किसानों को बर्बाद कर दिया है। किसानों की बात कर सत्ता में आई ममता बनर्जी ने किसानों के लिए कुछ नहीं किया। राज्य सरकार ने भू-राजस्व विभाग के पोर्टल को बंद कर दिया है।

इसके चलते किसी भी किसान को मदद नहीं मिल रही है। ममता बनर्जी के राज्य में डीजल और बिजली की कीमत सबसे ज्यादा है। शुभेंंदु अधिकारी ने कहा कि किसान हर जिले में आंदोलन करेंगे। उसके बाद लाखों किसान नवान्न अभियान करेंगे। बीजेपी के बंगाल अध्यक्ष सुकांत मजूमदार ने कहा कि बिजली की दर और पेट्रोल-डीजल की कीमत नहीं घटाई जा रही है, क्योंकि इससे दीदी को और उनके नेताओं को कट मनी मिलती है।

किसानों के हितों की लगातार अवहेलना हो रही है। उनकी मांगों को माना नहीं जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश भर के किसान आत्महत्या कर रहे हैं, क्यों? जो लोग लंबे समय से कृषि में काम कर रहे हैं, उनके परिवार में कोई भी अब कृषि में काम नहीं करना चाहता है, क्योंकि खेती में काम करने से पैसा नहीं कमाया जाता है। कोयला, शारदा मैंने भ्रष्टाचार के कितने नाम सुने हैं। इस बार खाद घोटाला शुरू हो गया है। हम राज्यपाल के पास गए हैं। इस बार मैं मुख्यमंत्री के पास किसानों की मांगों के साथ जाऊंगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *