
मुंबई। शाहरुख खान की 4 साल बाद कम बैक वाली फिल्म पठान का विवाद अब धीरे-धीरे पूरे देश में होने लगा है। मध्यप्रदेश से शुरू हुआ विवाद थमने का नाम न लेते हुए देश के 7 राज्यों में अपनी दस्तक दे चुका है। इस विवाद का परिणाम क्या होगा यह तो अभी नहीं कहा जा सकता लेकिन इस विवाद के चलते 6 दिन पूर्व जारी हुआ इस फिल्म का गीत बेशरम रंग जरूर दर्शकों पर अपना रंग जमाने में सफल हो गया है। बताया जाता रहा है कि इस गीत को अब तक यूट्यूब व अन्य चैनलों पर करीब 10 करोड़ दर्शकों ने देख लिया है।
पठान के निर्माताओं ने सोशल मीडिया के जरिए इस बात की जानकारी दी। 12 दिसंबर को रिलीज हुए इस गाने को 6 दिन में 100 मिलियन यानी 10 करोड़ लोगों ने देख लिया है। हालांकि रिलीज के बाद से ही ये गाना विवादों में बना हुआ है। इस गाने का विरोध करने वालों का मानना है कि इसमें एक्ट्रेस को भगवा कपड़े पहन आपत्तिजनक डांस करते दिखाया गया है। विरोधियों का कहना है कि अगर गाने में बदलाव नहीं किया गया तो वो फिल्म को रिलीज नहीं होने देंगे।
पठान के मेकर्स यशराज फिल्म्स ने हाल ही में सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए लिखा- बेशरम रंग को 10 करोड़ से अधिक देखा गया है और अभी तो इसकी शुरुआत है। यशराज फिल्म्स के 50 साल पूरे होने पर अपने नजदीकी थिएटर्स में 25 जनवरी को पठान को देखकर आनंद लीजिए।
गौरतलब है कि शाहरुख-दीपिका पादुकोण पर फिल्माए गए इस गीत को शिल्पा रॉव ने अपनी आवाज दी है। इसके अलावा विशाल-शेखर ने गाने को कंपोज किया है। इस गीत के विरोध का सबसे बड़ा कारण दीपिका पादुकोण द्वारा भगवा रंग की बिकिनी पहने को है। विरोधी इसके प्रदर्शन को रोकने की मांग कर रहे हैं।