बंगाल पंचायत चुनाव || प्रचार के दौरान शिक्षा मंत्री ब्रात्य बसु की तबीयत बिगड़ी

मालदा। पंचायत चुनाव प्रचार के दौरान पश्चिम बंगाल के मालदा में राज्य के शिक्षा मंत्री ब्रात्य बसु की तबीयत अचानक बिगड़ गई। उन्हें मालदा मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया गया। कई परीक्षणों और प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें थोड़ा बेहतर महसूस हुआ तो वह दक्षिण दिनाजपुर के लिए रवाना हो गए। हरिरामपुर और बंशीहारी प्रखंड में भी उनकी जनसभाएं हैं। ब्रात्य बसु मंगलवार सुबह वंदे भारत एक्सप्रेस से कोलकाता से मालदा पहुंचे थे।

ट्रेन से उतरते ही उन्हें दांत में दर्द महसूस हुआ। इसके बाद उन्हें मालदा मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया। वहां डॉक्टर ने उनकी जांच की और दवा दी। खबर है कि इसके बाद वह कुछ हद तक स्वस्थ महसूस कर रहे थे। फिर वह दक्षिण दिनाजपुर के लिए रवाना हो गए। उन्होंने खुद कहा कि मैं अचानक  दांत में दर्द होने पर मालदा मेडिकल आया था।

डॉक्टर ने कहा कि इन्फेक्शन है। मैं फिलहाल स्वस्थ हूं। प्रचार जारी रहेगा। सूत्रों के मुताबिक डॉक्टर ने उन्हें नियमित रूप से दवा लेने को कहा है। उल्लेखनीय है कि पंचायत चुनाव के लिए तृणमूल कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व ने जोर-शोर से प्रचार शुरू कर दिया है।

पार्टी ने चुनाव प्रचार के लिए अपने सांसदों और विधायकों को अलग अलग जिलों में मैदान में उतार दिया है। पार्टी की ओर से तय सूची के मुताबिक जनसंपर्क, जनसभाएं लगातार चल रही हैं। ब्रात्य बसु भी पार्टी स्टार प्रचारकों की लिस्ट में हैं। उनका आखिरी अभियान उत्तर बंगाल में है और वहां जाते ही शिक्षा मंत्री दांत के दर्द से लगभग परेशान हो गये।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *