#Bengal: दिलीप घोष की जगह सांसद सुकांत मजूमदार बने पश्चिम बंगाल भाजपा के नये अध्यक्ष

कोलकाता। पश्चिम बंगाल भाजपा के नए अध्यक्ष सांसद सुकांत मजूमदार को बनाया गया है तथा भूतपूर्व अध्यक्ष दिलीप घोष को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाया गया है, साथ ही उत्तराखंड की पूर्व राज्यपाल बेबी रानी मौर्य को भी राष्ट्रीय उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनावों के बाद अब भाजपा ने राज्य और राष्ट्रीय कार्यकारिणी में बदलाव किया है। भाजपा की पश्चिम बंगाल इकाई के अध्यक्ष रहे दिलीप घोष को पार्टी का राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाया गया है।

दिलीप घोष की जगह अब सांसद सुकांत मजूमदार को पश्चिम बंगाल भाजपा का अध्यक्ष बनाया गया है। इसके साथ ही भाजपा ने उत्तराखंड की पूर्व राज्यपाल बेबी रानी मौर्य को भी पार्टी का राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाया है। भाजपा महासचिव अरुण सिंह ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर पश्चिम बंगाल के बालुरघाट से सांसद डॉ. सुकांत मजूमदार को पार्टी की प्रदेश इकाई का अध्यक्ष तत्काल प्रभाव से बनने की जानकारी दी। सुकांत मजूमदार खड़गपुर से सांसद दिलीप घोष की जगह लेंगे।

प्रदेश अध्यक्ष के तौर पर दिलीप घोष का कार्यकाल इसी साल ख़त्म हो रहा था। दिलीप घोष लगातार दो बार के लिए पश्चिम बंगाल भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष बनाए गए थे। सुकांत मजूमदार को पश्चिम बंगाल इकाई का प्रदेश अध्यक्ष बनने पर विधानसभा में विपक्ष के नेता शुभेंदु अधिकारी ने उन्हें ट्वीट कर बधाई दी है।

शुभेंदु अधिकारी ने ट्वीट करते हुए लिखा है कि सुकांत मजूमदार को बंगाल भाजपा का अध्यक्ष चुने जाने पर बधाई। साथ ही उन्होंने ट्वीट में दिलीप घोष को भी पार्टी का राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनने पर बधाई दी है और कहा कि मुझे विश्वास है कि दोनों पार्टी को मजबूत करने में अपना सर्वश्रेष्ठ योगदान देंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *