बंगाल : डेंगू से पिछले 24 घंटे में 4 की मौत

कोलकाता। पश्चिम बंगाल में डेंगू (Dengue) का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा। हालत ऐसे हो गए है कि अब यह महामारी का रूप लेता जा रहा है। दिन ब दिन पीड़ितों की बढ़ती संख्या के बीच इस बीमारी से मरने वाले लोगों की सूची भी लंबी होती जा रही है। इस बीच राज्य में डेंगू से पिछले 24 घंटे में चार लोगों ने दम तोड़ दिया है। वहीं पिछले 10 दिनों में छह लोगों की जान चली गयी है। इस तरह राज्य में डेंगू से मरने वालों की संख्या बढ़ कर 82 हो गयी है। अब तक 51 हजार से अधिक लोग मच्छरजनित इस जानलेवा बीमारी की चपेट में आ चुके हैं।

कोलकाता नगर निगम मुख्यालय स्थिति मेयर कार्यालय के एक अस्थायी कर्मी भी डेंगू पॉजिटिव पाया गया है। इसको लेकर कोलकाता नगर निगम भी सतर्क हो गया है। निगम ने ड्रोन की मदद से छिड़काव करने की योजना बना रही है। बता दें कि राज्य में पिछले 24 घंटे में रक्त के 2,371 नमूने जांचे गये हैं। इनमें 348 नमूनों की रिपोर्ट पॉजिटिव आयी है।

राज्य के स्वास्थ्य सेवा निदेशक प्रो. डॉ सिद्धार्थ नियोगी ने यह जानकारी दी है. ज्ञात हो कि रविवार को 4,734 नमूने जांचे गये थे। इनमें 674 नमूनों की रिपोर्ट पॉजिटिव आयी थी। यानी रविवार की तुलना में कम नमूने जांचे गये हैं। इस वजह से डेंगू मरीजों की संख्या भी कम रही। स्वास्थ्य विभाग के सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार, महानगर में सबसे खराब हालत 106 नंबर वार्ड की है।

इस वार्ड में अब तक 400 से अधिक लोग डेंगू पॉजिटिव हुए है। वहीं करीब तीन लोगों की मौत हुई है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि वार्ड में स्थित खालों की सफाई ठीक तरह से नहीं हो पा रही है। वार्ड में कई जगहों पर खाली जमीन भी है। इस वजह से वार्ड के लोग डेंगू के शिकार हो रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *