शाहिद कपूर-रश्मिका मंदाना को लेकर बज्मी बनाएंगे एक्शन कॉमेडी फिल्म

मुंबई। दक्षिण भारतीय फिल्म अदाकार और नेशनल क्रश का टैग हासिल कर चुकी रश्मिका मंदाना पिछले दो सालों से अल्लू अर्जुन की फिल्म पुष्पा के चलते चर्चाओं में हैं। गत वर्ष अमिताभ बच्चन के साथ हिन्दी फिल्मों में गुडबाय के जरिये डेब्यू करने वाली रश्मिका मंदाना ने इस वर्ष एक सुपरहिट फिल्म वरिसु दी है, जिसने थलापति विजय कुमार ने उनके साथ स्क्रीन स्पेस साझा किया था। अब रश्मिका मंदाना को लेकर कहा जा रहा है कि उन्होंने फर्जी से पुन: लोकप्रिय हुए शाहिद कपूर के साथ एक फिल्म साइन की है, जिसका निर्माण एकता कपूर और दिल राजू करने जा रहे हैं।

पीपिंगमून के अनुसार अदाकारा रश्मिका मंदाना जल्दी ही फिल्म स्टार शाहिद कपूर के साथ ऑन स्क्रीन नजर आने वाली हैं। समाचार के मुताबिक अदाकारा रश्मिका मंदाना और शाहिद कपूर ने एक कॉमेडी एक्शन ड्रामा फिल्म के लिए हाथ मिलाया है। सुनने में आया है कि रश्मिका मंदाना और शाहिद कपूर को लेकर निर्देशक अनीस बज्मी एक फिल्म बनाने की तैयारी में हैं। इस फिल्म को एकता कपूर और दिल राजू मिलकर निर्मित कर रहे हैं।

एकता कपूर और दिल राजू पहले ही रश्मिका मंदाना संग गुडबाय और वरिसु जैसी फिल्मों में काम कर चुके हैं। इसलिए इस फिल्म के लिए भी दोनों मेकर्स की पहली पसंद रश्मिका मंदाना ही थीं। इस बारे में बताते हुए सूत्र ने कहा, रश्मिका शुरू से ही इस फिल्म के लिए पहली पसंद थीं। एकता कपूर और दिल राजू ने उनके साथ फिल्म गुडबाय और वरिसु में साथ काम किया है। दोनों को ही लगता है कि वो इस किरदार में एकदम फिट बैठती हैं।

इसके अलावा शाहिद कपूर और रश्मिका मंदाना एक साथ पहली दफा ऑन स्क्रीन दिखेंगे तो ये एक फ्रेश जोड़ी होगी और दर्शकों की दिलचस्पी इसके लिए जगेगी। निर्देशक अनीस बज्मी नो एंट्री, भूल भुलैया 2 और रेडी जैसी सुपरहिट कॉमेडी फिल्में दे चुके हैं। शाहिद कपूर और रश्मिका मंदाना के साथ निर्देशक अनीस बज्मी का आना इस फिल्म के लिए दर्शकों का एक अलग वर्ग तैयार कर रहा है जो अनीस बज्मी की फिल्मों को देखना पसन्द करता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *