डाॅ. कलाम को अणुव्रत पुरस्कार देने की घोषणा

नयी दिल्ली। पूर्व राष्ट्रपति एवं महान‌ वैज्ञानिक डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम को वर्ष 2022 का प्रतिष्ठित अणुव्रत पुरस्कार प्रदान करने की घोषणा की गयी है।अणुव्रत विश्व भारती ने शनिवार को यहां बताया कि वर्ष 2022 के अणुव्रत पुरस्कार के लिए डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम का चयन किया गया है। इसकी घोषणा आज उनकी 91वीं जयंती पर की जा रही है। अणुव्रत विश्व भारती के अध्यक्ष संचय जैन‌ कहा कि डॉ. कलाम का जीवन प्रामाणिकता, सादगी और विद्वता का उत्कृष्ट संगम था। भारत के सर्वोच्च पद पहुंच कर भी उन्होंने निर्भिमान और सादगीपूर्ण जीवन जीया और नई पीढ़ी को अपने विचारों से गहरे प्रभावित किया।

उन्होंने कहा कि अणुव्रत आंदोलन के साथ डा कलाम का नजदीकी से जुड़ाव रहा। उन्होंने अणुव्रत अनुशास्ता आचार्य श्री महाप्रज्ञ से प्रेरणा प्राप्त कर शांति की मिसाइल बनाने का संकल्प लिया था और जीवन पर्यंत भारत और विश्व में शांति और सद्भाव के लिए काम करते रहे। आचार्य श्री महाप्रज्ञ के साथ मिल कर उन्होंने ‘द फैमिली एंड द नेशन ‘ नामक प्रसिद्ध पुस्तक का सह लेखन किया था।

जैन ने बताया कि पुरस्कार के अंतर्गत एक लाख इक्यावन हजार रूपए का चेक, स्मृति चिह्न और प्रशस्ति पत्र प्रदान किया जाएगा जिसे डॉ. अब्दुल कलाम के पौत्र और एपीजे अब्दुल कलाम इंटरनेशनल फाउंडेशन के सह-संस्थापक शेख सलीम ग्रहण करेंगे। यह पुरस्कार 31 अक्टूबर को अणुव्रत अनुशास्ता आचार्य श्री महाश्रमण के सान्निध्य में आयोजित होने वाले राष्ट्रीय अणुव्रत अधिवेशन के दौरान एक विशेष समारोह में प्रदान किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *