बंगाल पहुंचे अमित शाह ने गुरुदेव की जयंती पर बांग्ला में दी श्रद्धांजलि

कोलकाता। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह मंगलवार को राज्य के अपने एक दिवसीय दौरे पर कोलकाता पहुंचे। शाह अपनी यात्रा के दौरान लैंड पोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया और सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) की विभिन्न विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन करेंगे। शाह की राजकीय यात्रा मंगलवार सुबह कोलकाता के जोरासांको ठाकुरबारी में गुरुदेव रवींद्रनाथ टैगोर की प्रतिमा पर श्रद्धांजलि अर्पित करने के साथ शुरू हुई।

गुरुदेव रवींद्रनाथ टैगोर की जयंती पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बांग्ला भाषा में गुरुदेव को श्रद्धांजलि दी है। उन्होंने ट्विटर पर लिखा कि `गुरुदेव रवींद्रनाथ टैगोर की जयंती पर कोटि-कोटि नमन। न्याय और समानता पर उनके विचारों ने भारत की वैश्विक दृष्टि को आकार दिया है जबकि उनके दूरदर्शी कार्यों ने स्वतंत्रता आंदोलन के लिए बौद्धिक आधार प्रदान किया। वह हमारे लिए एक दूरदर्शी कवि और प्रकाश स्तंभ बने हुए हैं।

बता दें कि रवींद्रनाथ टैगोर जयंती 9 मई को महान बंगाली कवि के जन्म के उपलक्ष्य में मनाई जाती है, जिन्हें बंगाल के बार्ड और गुरुदेव के रूप में जाना जाता है। उन्होंने कला, साहित्य और संगीत में महत्वपूर्ण योगदान दिया। टैगोर को उनके कविता संग्रह “गीतांजलि” के लिए 1913 में नोबेल पुरस्कार मिला। उन्होंने भारत, बांग्लादेश और श्रीलंका के राष्ट्रगान की भी रचना की।

शाह बाद में भारत-बांग्लादेश सीमा पर स्थित पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना में इंटीग्रेटेड-चेक पोस्ट पेट्रापोल में लैंड पोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया और बीएसएफ की विभिन्न विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन करेंगे। भारत और बांग्लादेश के बीच अंतर्राष्ट्रीय सीमा पर स्थित ICP पेट्रापोल, दक्षिण एशिया का सबसे बड़ा भूमि बंदरगाह है। यह पश्चिम बंगाल के कोलकाता शहर से लगभग 80 किमी की दूरी पर स्थित है।

गृह मंत्री शाम को कोलकाता के साइंस सिटी में फुल डोम फिल्म ‘ल्यूमिनरीज ऑफ बंगाल’ की रिलीज से जुड़े एक कार्यक्रम और विभिन्न परियोजनाओं के उद्घाटन में भी शामिल होंगे। गृह मंत्री की पश्चिम बंगाल की दिन भर की यात्रा कोलकाता के साइंस सिटी में खोला हवा द्वारा रवींद्रनाथ जयंती समारोह में उनकी भागीदारी के साथ समाप्त होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *