कोलकाता आ रहे हैं अमित शाह, प्रदेश भाजपा की तकरार पर लगाएंगे विराम

कोलकाता। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश नेताओं में जारी तकरार के बीच केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह बंगाल आ रहे हैं। पार्टी के एक सूत्र ने इसकी पुष्टि की है। पता चला है कि वह कोलकाता के यहां मुरलीधर सेन लेन स्थित पार्टी के प्रदेश मुख्यालय में वह पार्टी के शीर्ष नेताओं के साथ बैठक करेंगे। इसमें प्रदेश अध्यक्ष सुकांत मजूमदार, नेता प्रतिपक्ष शुभेंदु अधिकारी, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष दिलीप घोष सहित पांच महासचिव पदाधिकारियों के साथ उनकी बैठक होनी है।

शनिवार को राज्य सचिवालय नवान्न में मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के साथ उनकी क्षेत्रीय सुरक्षा बैठक होनी है इसमें शामिल होने से पहले पार्टी के प्रदेश नेताओं के साथ बैठक करेंगे। भाजपा के एक नेता ने बताया कि सुबह 11:00 बजे के करीब प्रदेश अध्यक्ष सुकांत मजूमदार को फोन कर अमित शाह के दौरे के बारे में जानकारी दी गई। इसके साथ ही उन्हें आज ही रात को बैठक की भी जानकारी दी गई है।

उल्लेखनीय है कि हाल ही में शुभेंदु अधिकारी और दिलीप घोष के बीच सार्वजनिक मंच से जुबानी जंग चल रही है। ऐसे समय में अमित शाह का दौरा बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। खासकर अगले साल आसन्न पंचायत चुनाव को लेकर पार्टी में एकजुटता और सांगठनिक मजबूती की चर्चा होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *