हिंदू पंचांग का नवां मास अगहन

आशा विनय सिंह बैस, नई दिल्ली। देवशयनी एकादशी’ से शुरू होकर ‘देवोत्थान एकादशी’ को समाप्त हुआ चातुर्मास (श्रावण, भाद्रपद, आश्‍विन और कार्तिक महीना) का कठिन समय गुजर चुका है। हेमंत ऋतु का पहला और हिंदू पंचांग का नवां मास अगहन दस्तक दे चुका है। इस बार अगहन का महीना 28 नवंबर से शुरू 26 दिसंबर तक रहेगा। इस महीने को मार्गशीर्ष भी कहते हैं। दरअसल, इस महीने का संबंध मृगशिरा नक्षत्र से है। इस महीने की पूर्णिमा मृगशिरा नक्षत्र से युक्त होती है। इसी कारण इसे मार्गशीर्ष मास भी कहा जाता है।

अगहन आने का मतलब मांगलिक कार्य करने का उचित समय आ गया है। कहते हैं कि इसी पवित्र महीने में देवी पार्वती और भगवान शिव का विवाह हुआ था और भगवान राम और देवी सीता का विवाह भी अगहन मास में ही हुआ था। इतना ही नहीं भगवान श्री कृष्ण ने अर्जुन को गीता का ज्ञान भी इसी महीने में दिया था। जानकारों का मानना है कि कश्यप ऋषि ने अगहन मास में ही कश्मीर बसाया था और वृंदावन के बांके बिहारी भी इस महीने प्रकट हुए थे।

यह महीना इसलिए भी अत्यंत प्रिय है क्योंकि अभी ठंड गुलाबी है और जाड़े की धूप खुशनुमा लगती है। इसके बाद दिन और छोटे होने लगेंगे –
“अगहन है चूल्हे का अदहन, पूस तो काना टूस होगा।”
फिर पौष और माघ की हाड़ कंपाने वाली ठंड भी तो शुरू हो जाएगी।

इस महीने बाजार में खूब हरी सब्जियां आने लगी हैं तथा सेब, अमरूद जैसे मौसमी और सेहतमंद फल रेहड़ी, ठेलिया में सजे दिखने लगे हैं। गांवों की हाट में गुलैया, गजक, गुड़पट्टी की खुशबू भी बिखरने लगी है। हाट के किसी कोने में भुनी करारी मूंगफली धनिया-लहसुन वाले गीले नमक तथा काले वाले सूखे नमक (पदनवा नोन) की पुड़िया के साथ बिकने लगी है। बाजरे की रोटी और सरसो के साग का दिव्य स्वाद लेने का समय आ गया है। बिल्कुल ताजे आलू को आग में भुनकर गरम-गरम खाने तथा गन्ने के रस को दही में मिलाकर पीने का महीना आ चुका है। राब, ताजे सुस्वादु गुड़ को सीधे गन्ने के कोल्हू के पास जाकर चखने का समय आ गया है।

ऐसी मान्यता है कि अगहन मास में नदी स्नान और दान-पुण्य का विशेष महत्व है। श्रद्धा और भक्ति से प्राप्त पुण्य के बल पर हमें सभी सुखों की प्राप्ति होती है। शायद इसीलिए मनुष्यों के अतिरिक्त देवताओं को भी यह महीना अत्यंत प्रिय है। गीता में भगवान कृष्ण स्वयं कहते हैं कि-
“बृहत्साम तथा साम्नां गायत्री छन्दसामहम्।
मासानां मार्गशीर्षोऽहमृतूनां कुसुमाकरः।।
अर्थात
सामवेदके प्रकरणोंमें जो बृहत्साम नामक प्रधान प्रकरण है, वह मैं हूँ। छन्दों में मैं गायत्री छन्द (मंत्र) हूँ। महीनों में मार्गशीर्ष नामक महीना और ऋतुओं में मैं बसन्त ऋतु हूँ।

तो आइए हम सब मनुष्यों और देवताओं के इस अति प्रिय महीने का दिल से स्वागत करें और इसका भरपूर आनंद लें।
जय श्री राम जी की

आशा विनय सिंह बैस, लेखिका

ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे कोलकाता हिन्दी न्यूज चैनल पेज को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। एक्स (ट्विटर) पर @hindi_kolkata नाम से सर्च करफॉलो करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *